Meta Description
Jamshedpur: बीती रात 15-16 अप्रैल की मध्यरात्रि गोविंदपुर थाना प्रभारी को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि कुछ संदिग्ध लोग एक टेम्पो से उतरकर गर्म पत्थर स्थित घोड़ाबांधा हॉस्पिटल के सामने एकत्र हुए हैं। ये लोग अनजान प्रतीत हो रहे थे और उनके पास लोहे के औजार थे, जिससे आशंका जताई गई कि वे किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही वरीय पदाधिकारी को इसकी जानकारी दी गई, जिसके बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार नगर पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में एक छापामारी दल का गठन किया गया।

छापामारी दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुँचकर घेराबंदी की और डकैती की योजना बनाते हुए कुल छह अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए अपराधियों के पास से एक देशी कट्टा, एक जिंदा गोली, तीन लोहे के पिन बारी, एक सलाई रेंच, एक पेचकस और एक टॉर्च बरामद की गई। पूछताछ के दौरान सभी आरोपियों ने हाल के दिनों में फ्लैटों में ताले तोड़कर चोरी करने की घटनाओं में संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर एक स्थानीय सोनार अजय कुमार बर्मन को भी गिरफ्तार किया गया, जो चोरी किए गए गहनों की खरीद-फरोख्त कर रहा था। उसके पास से लगभग 99 ग्राम वजनी स्वर्ण आभूषण बरामद किए गए।
गिरफ्तार अपराधियों की पहचान तारा सिंह चौहान (22 वर्ष) और राहुल चौहान (19 वर्ष) के रूप में हुई है, जो दोनों उड़ीसा के पुरी जिले के निवासी हैं। अजय चौहान (20 वर्ष) और आशीष चौहान (19 वर्ष) मध्यप्रदेश के कटनी जिले से हैं। इनके साथ बाबु गोंदिया (19 वर्ष) भी कटनी जिले से है, जबकि छठा आरोपी संदीप सोलंकी (19 वर्ष) महाराष्ट्र के औरंगाबाद जिले का रहने वाला है। चोरी के गहनों का खरीदार अजय कुमार बर्मन (56 वर्ष) जमशेदपुर के मानगो इलाके का निवासी है।
इस सफल छापामारी अभियान में परसुडीह थाना प्रभारी फैज अहमद, गोविंदपुर थाना प्रभारी अशोक कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक सर्वजीत कुमार, तेज प्रताप सिंह, सुभाष चंद्र महतो, सहायक अवर निरीक्षक सावना मुर्मू और टाइगर मोबाइल टीम के सदस्य श्याम उरांव, सुभाष कुमार रवि, संदीप कुमार यादव एवं सचिन कुमार शामिल थे। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार किए गए सभी अपराधियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।