Sonari Chain Snatching: जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र में 58 वर्षीय अर्चना श्रीवास्तव से सोने की चेन झपटकर फरार होने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. इस मामले में पुलिस ने पंकज हरपाल उर्फ हेनरी और रोहित कुमार मुर्मू को गिरफ्तार किया है. दोनों आरोपियों को तकनीकी साक्ष्य, जब्त बाइक के दस्तावेज और गुप्त सूचना के आधार पर पकड़ा गया. पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई बजाज पल्सर 220 (JH05CN-3650) भी बरामद कर ली थी.
पुलिस के अनुसार, 31 जुलाई की शाम करीब 4:30 बजे अर्चना श्रीवास्तव सोनारी के H-रोड के पास पैदल अपने घर जा रही थीं. इसी दौरान पीछे से बाइक पर सवार दो युवकों ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए. भागने के दौरान उनकी बाइक असंतुलित होकर एक वाहन से टकरा गई. इसके बाद दोनों आरोपी बाइक छोड़कर पैदल मौके से भाग निकले. सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल से बाइक जब्त कर जांच शुरू की.
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने बाइक के दस्तावेज, तकनीकी इनपुट और गुप्त सूचना के आधार पर 6 अगस्त की सुबह करीब 4:30 बजे पंकज हरपाल उर्फ हेनरी और रोहित कुमार मुर्मू को गिरफ्तार कर लिया.
गिरफ्तार पंकज हरपाल उर्फ हेनरी प्रकाश नगर, गुडुरबासा, बिरसानगर का रहने वाला है, जबकि रोहित कुमार मुर्मू बिरसानगर के जोन नंबर-5 स्थित नूपुर स्टोर के पास का निवासी है. पुलिस ने दोनों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई बजाज पल्सर 220 मोटरसाइकिल (JH05CN-3650) भी जब्त कर ली है.
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी रहा है. पंकज हरपाल के खिलाफ बिष्टुपुर, टेल्को, आदित्यपुर, सिदगोड़ा और बिरसानगर थाना क्षेत्रों में चोरी, छिनतई, लूट, एनडीपीएस और अन्य गंभीर धाराओं के कई मामले पहले से दर्ज हैं. वहीं रोहित कुमार मुर्मू के खिलाफ गोविंदपुर, टेल्को, गोलमुरी और साकची थाना क्षेत्रों में छिनतई, चोरी, लूट और एनडीपीएस एक्ट से जुड़े कई मामले दर्ज हैं.