Kadma News : कदमा थाना क्षेत्र के शास्त्री नगर ब्लॉक नंबर-2 में निर्माणाधीन मकान से ईंट का टुकड़ा गिरने से मानसिक रूप से अस्वस्थ एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना को लेकर स्थानीय बस्तीवासियों ने थाना प्रभारी को लिखित शिकायत देकर मकान मालकिन पर लापरवाही और घायल का इलाज नहीं कराने का आरोप लगाया है। शिकायत में मामले की निष्पक्ष जांच कर कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।
बस्तीवासियों ने पुलिस से की कार्रवाई की मांग
शिकायत के अनुसार, शास्त्री नगर ब्लॉक नंबर-2 निवासी रोजा खातून के मकान का निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान ऊपर से ईंट का टुकड़ा गिरकर शिमसुद्दीन उर्फ कल्लू (स्थानीय लोगों के अनुसार "चप्पल चोर") के सिर पर लग गया। बस्तीवासियों का आरोप है कि हादसे में युवक के सिर में गंभीर चोट आई, लेकिन घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद उसका समुचित इलाज नहीं कराया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जब उन्होंने मकान मालकिन से घायल के इलाज की व्यवस्था करने का अनुरोध किया तो उन्होंने इससे इनकार कर दिया। इसके बाद बस्तीवासियों ने सामूहिक रूप से कदमा थाना में शिकायत देकर पुलिस से हस्तक्षेप की मांग की।
घायल के इलाज और जांच की उठी मांग
शिकायत में पुलिस से मांग की गई है कि घायल शिमसुद्दीन का तत्काल बेहतर चिकित्सा उपचार सुनिश्चित कराया जाए। साथ ही निर्माण कार्य में कथित लापरवाही बरतने के मामले की जांच कर दोषी पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाए। फिलहाल पुलिस को आवेदन सौंप दिया गया है और मामले में आगे की कार्रवाई की प्रतीक्षा है।