Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-08-06

BJP State President: JPSC-JSSC विवाद पर बोले बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू:- "कांग्रेस करे CBI जांच का समर्थन वरना हेमंत सरकार से वापस ले समर्थन"

BJP State President: झारखंड में JPSC-JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर जारी छात्र आंदोलन पर भाजपा ने राज्य सरकार और कांग्रेस पर फिर हमला बोला है. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने गुरुवार को दिल्ली में कहा कि झारखंड में हजारों छात्र कई दिनों से आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन कांग्रेस इस पूरे मुद्दे पर पूरी तरह मौन है.

आदित्य साहू ने कहा कि झारखंड में कांग्रेस, गठबंधन सरकार का हिस्सा है. ऐसे में छात्रों के भविष्य से जुड़े इस मुद्दे पर उसकी भी बराबर की जिम्मेदारी बनती है. उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2019 के बाद आयोजित कई भर्ती परीक्षाओं पर लगातार गड़बड़ियों और अनियमितताओं के आरोप लगे, लेकिन सरकार ने इन मामलों में अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई.

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने मांग की कि JPSC-JSSC सहित राज्य की सभी विवादित भर्ती परीक्षाओं की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) से कराई जाए. उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस वास्तव में छात्रों के हित में खड़ी है, तो उसे भी CBI जांच की मांग का समर्थन करना चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि अगर कांग्रेस ऐसा नहीं करती है, तो उसे सरकार को दिए गए अपने समर्थन पर पुनर्विचार करना चाहिए.

आदित्य साहू ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को दूसरे राज्यों के मुद्दों पर राजनीति करने के बजाय झारखंड आकर आंदोलन कर रहे छात्रों से मिलना चाहिए. उनके अनुसार, कांग्रेस अलग-अलग राज्यों में अलग-अलग राजनीतिक रुख अपनाकर युवाओं के साथ दोहरा व्यवहार कर रही है.

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आंदोलनरत छात्रों की स्थिति का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि धरना स्थल पर छात्रों को कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. आरोप लगाया कि उन्हें टेंट लगाने की अनुमति नहीं दी जा रही और रात के समय बिजली तक काट दी जाती है. इसके बावजूद छात्र अपनी मांगों को लेकर लगातार डटे हुए हैं.



उन्होंने कहा कि भाजपा शुरू से छात्रों की मांगों के समर्थन में खड़ी है और सरकार से पारदर्शी जांच की मांग करती रही है. आदित्य साहू ने दोहराया कि भर्ती प्रक्रिया पर उठे सवालों का जवाब देने और युवाओं का भरोसा बहाल करने के लिए सभी विवादित परीक्षाओं की CBI जांच कराना जरूरी है.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !