Chandil: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत टाटा-रांची मुख्य मार्ग (NH-33) पर हुमीद गांव के टोला रांगामाटिया स्थित बस स्टैंड के समीप शुक्रवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सड़क किनारे शव पड़े होने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई, जिसके बाद मामले की जानकारी चांडिल थाना पुलिस को दी गई।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। साथ ही पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ भी की। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। उसकी शिनाख्त के लिए आसपास के थाना क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों से भी पहचान को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
प्राथमिक जांच में मृतक के शरीर पर किसी तरह के स्पष्ट चोट के निशान नहीं मिले हैं। ऐसे में मौत के कारणों को लेकर अभी कुछ भी स्पष्ट नहीं कहा जा सकता। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही वास्तविक कारण सामने आएगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच जारी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को मृतक की पहचान या उसके संबंध में कोई जानकारी हो तो इसकी सूचना तत्काल चांडिल थाना को दें।