Jamshedpur: जमशेदपुर के डिमना स्थित एमजीएम अस्पताल परिसर से लगातार हो रही दोपहिया वाहनों की चोरी पर लगाम कसने के लिए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। अस्पताल परिसर की सुरक्षा में तैनात होमगार्ड जवान अब लगातार गश्त लगाकर खड़े वाहनों की जांच कर रहे हैं। इस निगरानी का मुख्य मकसद वाहन मालिकों की लापरवाही से होने वाली चोरी की वारदातों पर रोक लगाना है।
लापरवाही से बिना लॉक खड़ी थीं 5 बाइक, चेतावनी देकर सौंपी गईं
विशेष जांच अभियान के दौरान सुरक्षाकर्मियों को परिसर में 5 ऐसी बाइक खड़ी मिलीं, जिन पर मालिकों ने लॉक तक नहीं लगाया था। ए-शिफ्ट में तैनात जवानों ने सतर्कता दिखाते हुए 4 बाइक मालिकों की खोजबीन कर उन्हें मौके पर बुलाया। जवानों ने सुरक्षा के प्रति उनकी लापरवाही पर हिदायत दी और चेतावनी देकर गाड़ियां सौंप दीं। वहीं, बी-शिफ्ट में बिना लॉक मिली एक बाइक के मालिक सुखदेव सिंह (निवासी दुआरीडीह, पटमदा) से लिखित बॉन्ड लेने के बाद ही वाहन उनके सुपुर्द किया गया।
अस्पताल में पहले भी दर्ज हो चुके हैं चोरी के मामले
एमजीएम अस्पताल परिसर और पार्किंग क्षेत्र से पिछले कुछ समय में कई दोपहिया वाहन गायब हो चुके हैं, जिनकी प्राथमिक दर्ज प्राथमिकी एमजीएम थाने में मौजूद हैं। चोरी की लगातार बढ़ती घटनाओं को लेकर पूर्व में थाना पुलिस और होमगार्ड प्रबंधन के बीच खींचतान भी देखने को मिली थी। हालांकि, स्थिति को संभालते हुए सुरक्षा प्रबंधों में सुधार किया गया और जिम्मेदारियों में बदलाव लाकर गश्त तेज कर दी गई।
इलाज की जल्दीबाजी में न छोड़ें अनलॉक बाइक, प्रशासन ने की अपील
सुरक्षा में लगे जवानों का कहना है कि लोग अक्सर मरीजों के इलाज या आपाधापी के चक्कर में बाइक का हैंडल लॉक करना भूल जाते हैं। चोर इसी ढिलाई का फायदा उठाकर आसानी से वाहन पार कर देते हैं। अस्पताल प्रशासन और पुलिस ने मरीजों के परिजनों से अपील की है कि वे अपने वाहनों को हमेशा निर्धारित पार्किंग में ही खड़ा करें और लॉक लगाना न भूलें। परिसर में सुरक्षा जांच का यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।