Koderma: कोडरमा-गिरिडीह रेल मार्ग स्थित महेशपुर हॉल्ट के पास शुक्रवार दोपहर एक दुखद हादसा हो गया। रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान एक 70 वर्षीय बुजुर्ग पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी।
साइकिल खड़ी कर पटरी पार कर रहे थे कैलाश पंडित
मृतक बुजुर्ग की पहचान डोमचांच थाना क्षेत्र के तेतरयाडीह गांव निवासी कैलाश पंडित (70 वर्ष) के रूप में की गई है। परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक, वे शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे अपनी साइकिल लेकर घर से निकले थे। महेशपुर हॉल्ट के पास उन्होंने साइकिल किनारे खड़ी की और पटरी पार करने लगे। इसी दौरान वहां से तेजी से गुजर रही पैसेंजर ट्रेन की चपेट में वे आ गए और दुर्घटना स्थल पर ही उनकी जान चली गई।
काफी समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ थे बुजुर्ग
घटना के संबंध में मृतक के संबंधी सुमित प्रजापति ने बताया कि कैलाश पंडित पिछले काफी समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ चल रहे थे। इस दुखद घटना की खबर जैसे ही गांव में पहुंची, पूरे परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और इलाके में शोक का माहौल व्याप्त है।
पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा शव
हादसे की जानकारी मिलते ही डोमचांच थाना पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन शुरू की। पुलिस ने आवश्यक लिखापढ़ी पूरी करते हुए शव को पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम हेतु सदर अस्पताल, कोडरमा भेज दिया है। फिलहाल पुलिस हादसे के सभी संभावित पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।