Jamshedpur: जमशेदपुर के गोविंदपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. अन्ना चौक के पास एसडी पब्लिक स्कूल की बस की चपेट में आने से छह वर्षीय बच्ची आरोही कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई. दुर्घटना में दो अन्य लोग भी घायल हुए हैं. मृत बच्ची गोविंदपुर की रहने वाली थी. हादसे में 11 वर्षीय रेहान और पिता रेशु कुमार को भी चोटें आईं. दोनों घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से टाटा मोटर्स अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज कराया जा रहा है.
बताया जा रहा है कि उक्त स्कूल (S D PUBLIC SCHOOL) बस चालक नशे में धुत था, और हादसे के बाद भी वह नहीं रुका. बाद में स्थानीय लोगों ने उसका पीछा कर बीएड कॉलज, बिरसानगर के पास पकड़ लिया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस तेजी से आ रही थी और फॉर्च्यूनर गाड़ी को ओवरटेक करने की कोशिश में था. ओवरटेक के दौरान वहां मौजूद वाशिंग सेंटर का पास पहुंचा। जहां पर उसने 2 बच्चे (बेटा और बेटी) और उसके पिता के साथ वाशिंग सेंटर का एक स्टाफ को अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में उक्त व्यक्ति जो कार वाशिंग कराने आया था उसकी बेटी का सर बुरी तरह से कुचल गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई. जिसके बाद वाशिंग सेंटर के स्टाफ ने स्थानीय लोगों के साथ जाकर बस चालक का पीछा किया और उसे पकड़ लिया.
इस हादसे में उक्त व्यक्ति का बेटा भी गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है, उसके पेट के ऊपर बस चढाने की खबर आ रही है. वहीं वाशिंग सेंटर के स्टाफ के भी पैर में फ्रैक्चर की बात सामने आई है.
हादसे के बाद लोगों में आक्रोश
दुर्घटना की जानकारी मिलते ही अन्ना चौक के आसपास बड़ी संख्या में स्थानीय लोग पहुंच गए. लोगों में घटना को लेकर नाराजगी भी देखी गई. आक्रोशित लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया. स्थानीय लोगों ने हादसे के लिए जिम्मेदार बस चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने से कुछ समय तक यातायात व्यवस्था भी बाधित रही. घटना की सूचना मिलने के बाद गोविंदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने लोगों को समझाकर स्थिति नियंत्रित करने का प्रयास किया और दुर्घटना से जुड़े तथ्यों की जांच शुरू की.