Seraikela: जल जीवन मिशन के तहत शनिवार को खरसावां प्रखंड की शिमला पंचायत के हांसदा गांव में "जल अर्पण दिवस" आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभागीय और प्रखंड स्तरीय अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, जलसहिया समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।
शपथ के बाद निकली जागरूकता रैली
कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक शपथ के साथ हुई। ग्रामीणों और उपस्थित लोगों ने सुरक्षित पेयजल के इस्तेमाल के साथ जल संरक्षण का संकल्प लिया। इसके बाद जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें जल बचाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में रक्षा सूत्र बंधन और जल सिंगार/वंदना भी आयोजित की गई। इस दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों को पानी की बर्बादी रोकने, जल स्रोतों को सुरक्षित रखने और जलापूर्ति योजनाओं के नियमित रख-रखाव के बारे में जानकारी दी।
बेहतर जलापूर्ति के लिए ग्रामीणों की भागीदारी जरूरी
अधिकारियों ने कहा कि गांवों में जलापूर्ति योजनाओं का सुचारु संचालन केवल विभागीय स्तर पर संभव नहीं है। इसके लिए ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी और योजनाओं के नियमित रख-रखाव पर ध्यान देना जरूरी है।
बेहतर काम करने वालों को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान जल संरक्षण, जलापूर्ति योजनाओं के रख-रखाव और जन-जागरूकता के क्षेत्र में बेहतर काम करने वाले जनप्रतिनिधियों, मुखिया, वार्ड सदस्यों और जलसहियाओं को सम्मानित किया गया। अंत में ग्रामीणों से पानी का जरूरत के अनुसार इस्तेमाल करने और जल स्रोतों के संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की गई।