Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-08-08

Seraikela Crime News: कपाली में ब्राउन शुगर के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 58 पुड़िया के साथ चार युवक गिरफ्तार

Seraikela: सरायकेला-खरसावां जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कपाली ओपी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ब्राउन शुगर की तस्करी के आरोप में चार युवकों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 58 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद होने के साथ तस्करी में इस्तेमाल की जा रही दो मोटरसाइकिल भी जब्त की गई हैं।

गुप्त सूचना के बाद पुलिस ने की घेराबंदी
कपाली ओपी पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ युवक ब्राउन शुगर की खेप लेकर इलाके में बिक्री के लिए पहुंचे हैं। सूचना मिलने के बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर ओपी प्रभारी अविनाश कुमार के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल बनाया गया। टीम ने सूचना के आधार पर इलाके में घेराबंदी कर चारों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 58 पुड़िया ब्राउन शुगर मिली, जबकि मौके से दो मोटरसाइकिल भी जब्त की गईं।

चारों आरोपी अलग-अलग इलाकों के रहने वाले
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की उम्र करीब 19 से 20 वर्ष के बीच है। इनमें आकाश महतो (19) निवासी केन्दीडीह, थाना नीमडीह, वर्तमान पता तामुलिया, कपाली शामिल है। दूसरा आरोपी शिबू गोराई (20) निवासी सिंगाती, थाना चौका, वर्तमान पता कल्याण नगर, थाना सीतारामडेरा, पूर्वी सिंहभूम का रहने वाला है। वहीं सुमित कुमार यादव (करीब 19) और राहुल यादव (करीब 20) दोनों ग्वालबस्ती, थाना सिदगोड़ा, पूर्वी सिंहभूम के निवासी हैं।

NDPS एक्ट में मामला दर्ज, न्यायिक हिरासत में भेजे गए
पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब बरामद नशीले पदार्थ और आरोपियों के संपर्क में रहे अन्य लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।

पूछताछ में बड़े सरगना का सुराग मिलने का दावा
कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों से एक बड़े सरगना के बारे में जानकारी मिली है, जिसके इस कथित तस्करी नेटवर्क को संचालित करने की बात सामने आई है। पुलिस अब सरगना और उसके संपर्क में रहने वाले अन्य लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। इसके लिए अलग-अलग संभावित ठिकानों पर छापामारी की जा रही है।

नशे के कारोबार पर लगातार जारी रहेगी कार्रवाई
ओपी प्रभारी ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल छोटे स्तर पर नशीले पदार्थ बेचने वालों को पकड़ना नहीं, बल्कि पूरे नेटवर्क की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में नशे के कारोबार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आगे भी छापामारी और निगरानी अभियान जारी रहेगा। कार्रवाई में कपाली ओपी प्रभारी के साथ पुलिस टीम के अन्य जवान शामिल रहे।


WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !