Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-08-09

Deoghar News: देवघर में खाद्य सुरक्षा विभाग का छापा, 45 किलो एक्सपायरी घी और 56 किलो मिलावटी पेड़ा नष्ट

Deoghar News: राजकीय श्रावणी मेला 2026 के दौरान श्रद्धालुओं को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच अभियान जारी है. उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया के निर्देश पर गठित टीमें विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों, ट्रांसपोर्ट एजेंसियों, पेड़ा दुकानों और भोजनालयों में जांच कर रही हैं.


इस दौरान 45 किलो एक्सपायरी घी और 56 किलो मिलावटी पेड़ा जब्त कर नष्ट किया गया. जांच के दौरान न्यू पटना ट्रांसपोर्ट एजेंसी में नंदन ब्रांड का करीब 45 किलो एक्सपायरी घी मिला, जिसकी वैधता जनवरी में ही समाप्त हो चुकी थी. विभाग की मौजूदगी में इसे नष्ट कर दिया गया.


एक्सपायरी घी और संदिग्ध उत्पाद पर कार्रवाई

वहीं क्लब ग्राउंड के पास स्थित विराज ट्रेडिंग से खोया और पेड़ा के दो विधिक नमूने जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए. करीब 500 किलो संदिग्ध कृष्णा ब्रांड प्रोपराइटरी फूड मिलने पर कंपनी को बाजार से पूरा उत्पाद वापस मंगाने और दुकानदारों को इसे तत्काल हटाने का निर्देश दिया गया.


56 किलो मिलावटी पेड़ा जब्त कर नष्ट

मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ भी टीम ने कार्रवाई की. बुधराम झा चौक स्थित शिवम पेड़ा भंडार से 23 किलो, गंगा साह पेड़ा भंडार से 8 किलो और एस.बी. राय रोड स्थित भागीरथ साह पेड़ा भंडार से 25 किलो मिलावटी पेड़ा जब्त कर नष्ट किया गया. इस तरह कुल 56 किलो मिलावटी पेड़ा नष्ट किया गया.


बिना लाइसेंस कारोबार पर नोटिस

इसके अलावा पप्पू पराठा, राम पराठा, मां चंद्रिका पेड़ा भंडार और राम पेड़ा भंडार समेत कई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया. खाद्य सुरक्षा टीम ने बाबा मंदिर के पूर्वी गेट के आसपास स्थित पेड़ा दुकानों की भी विशेष जांच की. बिना वैध खाद्य लाइसेंस या पंजीकरण के कारोबार करने वाले दुकानदारों को नोटिस जारी कर जल्द आवश्यक लाइसेंस और पंजीकरण कराने का निर्देश दिया गया.

विभाग ने कारोबारियों को मानक गुणवत्ता वाली सामग्री का इस्तेमाल करने, एक्सपायरी खाद्य पदार्थों की बिक्री या भंडारण नहीं करने और साफ-सफाई बनाए रखने की हिदायत दी है. विभाग ने स्पष्ट किया कि श्रावणी मेला समाप्त होने तक जांच अभियान जारी रहेगा और खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी.

WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !