Sidhgora Land Dispute: जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में पेट्रोल पंप से महज 50 मीटर की दूरी पर स्थित एक कीमती जमीन के टुकड़े पर असमाजिक तत्वों द्वारा अवैध कब्जे की कोशिश का मामला सामने आया है. यह जमीन टाटा लीज अथवा बिहार सरकार की बताई जा रही है, जिस पर जबरन बाउंड्री वॉल या निर्माण कराने का प्रयास किया जा रहा है. इस मामले को लेकर स्थानीय नागरिकों और दूसरे पक्ष के बीच भारी तनाव का माहौल बना हुआ है.
स्थानीय निवासियों का कहना है कि पेट्रोल पंप जैसे संवेदनशील स्थल के इतने पास संदिग्ध और असमाजिक तत्वों द्वारा सरकारी या कंपनी की लीज भूमि पर कब्जा जमाना सुरक्षा के लिहाज से बेहद खतरनाक है. स्थानीय लोग लगातार इस अवैध निर्माण और कब्जे का विरोध कर रहे हैं, जबकि दूसरी ओर कब्जा करने पर आमादा पक्ष भी आमने-सामने खड़ा है. दोनों गुटों के बीच रोजाना तीखी बहसबाजी हो रही है, जिससे क्षेत्र में भय और अनिश्चितता का माहौल है.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मौके पर स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है और दोनों पक्षों के आमने-सामने होने के कारण किसी भी समय कोई बड़ी अप्रिय घटना या हिंसक झड़प घट सकती है. पेट्रोल पंप के ठीक समीप होने की वजह से यदि कोई असामाजिक घटना घटती है, तो इससे आसपास के पूरे रिहायशी इलाके को भारी नुकसान पहुंच सकता है.
क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिकों ने जमशेदपुर जिला प्रशासन और स्थानीय सिदगोड़ा थाना पुलिस से मामले पर तुरंत संज्ञान लेने की पुरजोर अपील की है. नागरिकों की मांग है कि पुलिस पर पहुंचकर निष्पक्ष जांच करें, जमीन के मालिकाना हक को स्पष्ट करें और किसी भी बड़े कानून-व्यवस्था के संकट को टालने के लिए पुलिस बल की तैनाती के साथ त्वरित निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करें.