Bokaro: बोकारो के गोमिया-करमाटांड़ मुख्य मार्ग पर सोमवार को हुए सड़क हादसे में एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया. दुर्घटना स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के पास हुई, जहां एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने सड़क किनारे खड़ी ऑटो को टक्कर मार दी. टक्कर के बाद ऑटो पलट गई और उसके पास मौजूद मजदूर अभिषेक कुमार इसकी चपेट में आकर घायल हो गए.
ऑटो के पास बैठे थे अभिषेक
घायल अभिषेक कुमार ससबेड़ा पूर्वी पंचायत के आदर्श नगर के रहने वाले हैं. हादसे में उनके बाएं पैर में गंभीर चोट आई है. दुर्घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल आईईएल स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया.
आईईएल से गोमिया की ओर जा रही थी स्कॉर्पियो
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो आईईएल आवासीय कॉलोनी की ओर से गोमिया की दिशा में जा रही थी. इसी दौरान एसबीआई के समीप वाहन सड़क किनारे खड़ी ऑटो से जा भिड़ा. बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो चला रहे बसंत सिंह को वाहन चलाते समय कथित तौर पर मिर्गी का दौरा पड़ा. इसके बाद वाहन पर उनका नियंत्रण नहीं रहा और स्कॉर्पियो ऑटो से टकरा गई. हालांकि, चालक की तबीयत से जुड़ी यह जानकारी फिलहाल स्थानीय स्तर पर बताई जा रही है. दुर्घटना का वास्तविक कारण पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट होगा.
ऑटो चालक सुरक्षित
हादसे में ऑटो चालक बाल-बाल बच गया. घटना की सूचना मिलने के बाद आईईएल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को अपने कब्जे में ले लिया. पुलिस ने घटना से जुड़े परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है. दुर्घटना के कारण, वाहन की गति और चालक की स्थिति समेत अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है.