Ranchi News : JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों का महाआंदोलन सोमवार को निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया। राज्य के 24 जिलों से पहुंचे बड़ी संख्या में छात्र हाथों में तिरंगा, पोस्टर और बैनर लेकर विधानसभा की ओर बढ़े। विधानसभा के पास पहुंचने के बाद प्रशासन ने बैरिकेडिंग कर छात्रों को रोक दिया।
विधानसभा के पास छात्रों का धरना, कुछ प्रदर्शनकारी परिसर तक पहुंचे
पुलिस की ओर से रोके जाने के बावजूद कुछ छात्र विधानसभा परिसर के पास पहुंचकर धरने पर बैठ गए। वहीं, पुराने विधानसभा के पास बैरिकेडिंग पार करने की कोशिश के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव बढ़ गया। जानकारी के अनुसार, प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जिसमें कुछ छात्रों के घायल होने की सूचना है। वहीं, कुछ पुलिसकर्मियों के भी घायल होने की खबर सामने आई है। भीड़ के बीच पत्थरबाजी की भी सूचना है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और सड़क पर कई जगह जूते-चप्पल बिखरे नजर आए।

पहले वाटर कैनन का इस्तेमाल, फिर कच्चे रास्ते से आगे बढ़े छात्र
छात्रों को रोकने के लिए प्रशासन की ओर से पहले वाटर कैनन का भी इस्तेमाल किया गया। इसके बावजूद बड़ी संख्या में छात्र मुख्य रास्ते के बजाय कच्चे और पहाड़ी रास्तों से विधानसभा की ओर बढ़ते रहे। बताया जा रहा है कि छात्रों का एक समूह कच्चे रास्ते से होते हुए जगन्नाथ मंदिर तक पहुंच गया। कुछ प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग को खींचकर हटाने का प्रयास किया और विधानसभा की ओर आगे बढ़ते रहे।

जयराम महतो ने छात्रों से शांति बनाए रखने की अपील की
विधानसभा के पास धरने पर बैठे JLKM के डुमरी विधायक जयराम महतो भी छात्रों के साथ मौजूद हैं। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से वहीं शांतिपूर्ण तरीके से धरना देने और विधानसभा के गेट के पास नहीं जाने की अपील की। जयराम महतो ने छात्रों से कहा कि आंदोलन को शांतिपूर्ण बनाए रखा जाए और किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति पैदा न हो।
रिफॉर्म मार्च मंच ने भी छात्रों से संयम की अपील की
इस बीच JPSC-JSSC रिफॉर्म मार्च के प्रतिनिधिमंडल की ओर से भी लगातार छात्रों से शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करने की अपील की जा रही है। मंच के प्रतिनिधि छात्रों को विधानसभा की ओर आगे बढ़ने से रोकने का प्रयास कर रहे हैं। हालांकि, प्रदर्शनकारियों की बड़ी संख्या के कारण भीड़ को नियंत्रित करना मुश्किल हो रहा है। प्रशासन की ओर से भी रिफॉर्म मार्च के प्रतिनिधिमंडल से विधानसभा की तरफ आगे नहीं बढ़ने का आग्रह किया गया है।