Ranchi News : एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने सोमवार को हिमांशु कुमार का बयान दर्ज किया। यह बयान आजसू सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी (सीपी चौधरी) और भाजपा विधायक नवीन जायसवाल की संपत्ति से जुड़े मामले में दर्ज किया गया है। इससे पहले हिमांशु कुमार ने दोनों के खिलाफ एसीबी में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद उन्हें बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया गया।
चुनावी हलफनामे में गलत जानकारी देने का आरोप
जानकारी के मुताबिक, हिमांशु कुमार ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि चंद्रप्रकाश चौधरी और नवीन जायसवाल ने चुनाव आयोग को दिए गए हलफनामे में अपनी संपत्ति से जुड़ी गलत जानकारी दी है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि सीपी चौधरी ने बड़गाईं में बने अपने मकान की जमीन और निर्माण की कीमत वास्तविक मूल्य से कम दर्शाई है। इसी तरह नवीन जायसवाल पर भी पुंदाग में बने मकान की जमीन और निर्माण की कीमत कम बताने का आरोप लगाया गया है।
हरमू हाउसिंग बोर्ड के मकान को लेकर भी शिकायत
हिमांशु कुमार ने भाजपा विधायक नवीन जायसवाल पर हरमू हाउसिंग बोर्ड से मकान हासिल करने के लिए गलत जानकारी देने का भी आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता के अनुसार, नियमों के तहत हाउसिंग बोर्ड की जमीन या मकान का आवंटन उन लोगों को नहीं किया जा सकता, जिनका पहले से अपना घर निर्धारित दूरी के भीतर मौजूद है। आरोप है कि नवीन जायसवाल का मकान हरमू हाउसिंग कॉलोनी से करीब तीन किलोमीटर के दायरे में है। फिलहाल एसीबी ने हिमांशु कुमार का बयान दर्ज कर लिया है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच के क्रम में संबंधित दस्तावेजों और संपत्ति से जुड़ी जानकारी का सत्यापन किया जा सकता है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर होगी।