JPSC-JSSC Controversy: झारखंड में JPSC और JSSC की भर्ती परीक्षाओं को लेकर जारी छात्र आंदोलन के बीच भाजपा ने राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया. पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने के लिए प्रदर्शन किया. इस दौरान भाजपा नेताओं ने सरकार पर छात्रों और युवाओं की मांगों को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया.
भाजपा के प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने कहा कि राज्य में युवाओं और छात्रों का आक्रोश लगातार बढ़ रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले कई वर्षों से सरकारी भर्ती परीक्षाओं को लेकर सवाल उठते रहे हैं और युवाओं को इसका खामियाजा भुगतना पड़ रहा है.
बाउरी के मुताबिक, भाजपा नेता आदित्य साहू, बाबूलाल मरांडी और पार्टी के विधायक छात्रों की मांगों को लेकर मुख्यमंत्री से बातचीत करना चाहते थे, लेकिन उन्हें प्रदर्शन के दौरान हिरासत में ले लिया गया. उन्होंने कहा कि विधानसभा का सत्र चल रहा है और ऐसे समय में विपक्षी विधायकों को सदन की कार्यवाही से दूर रखना उचित नहीं है.
नवीन जायसवाल बोले:- मुख्यमंत्री से मिलने का मौका नहीं दिया गया
विधानसभा में भाजपा के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल ने आरोप लगाया कि पार्टी के वरिष्ठ नेता और विधायक मुख्यमंत्री से मुलाकात कर छात्रों के मुद्दे पर बातचीत करना चाहते थे. उनके अनुसार, मुख्यमंत्री आवास को संदेश भेजने के बावजूद अंदर से कोई जवाब नहीं मिला.
इसके बाद भाजपा नेताओं ने विरोध में धरना शुरू कर दिया. नवीन जायसवाल ने कहा कि विधानसभा की कार्यवाही के दौरान विपक्ष के विधायकों को हिरासत में लिया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है. उन्होंने कहा कि अगर युवाओं के मुद्दे उठाने की कीमत गिरफ्तारी है, तो भाजपा इसके लिए तैयार है.
मुख्यमंत्री आवास की ओर निकला भाजपा नेताओं का जत्था
प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेता और कार्यकर्ता हाथों में बैनर, पोस्टर, पार्टी के झंडे और छात्रों की मांगों से जुड़ी तख्तियां लेकर मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़े. प्रदर्शनकारियों ने JPSC-JSSC और CGL परीक्षा से जुड़े मुद्दों की जांच तथा छात्रों को न्याय देने की मांग की.
इस दौरान सरकार के खिलाफ कई नारे लगाए गए. प्रदर्शनकारियों ने भर्ती परीक्षाओं की कथित गड़बड़ियों की CBI जांच कराने, विवादित परीक्षाओं को रद्द करने और युवाओं के भविष्य से जुड़े मामलों में सरकार से जवाब देने की मांग की.
कई बड़े भाजपा नेता प्रदर्शन में रहे मौजूद
मुख्यमंत्री आवास घेराव कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और विधायक शामिल हुए.
प्रदर्शन में प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, बालमुकुंद सहाय, भानु प्रताप शाही, गीता कोड़ा, गणेश मिश्रा, अमर कुमार बाउरी, मनोज सिंह, नवीन जायसवाल, सीपी सिंह, मनोज यादव, राज सिन्हा, अमित कुमार यादव, आलोक चौरसिया, देवेंद्र कुंवर, शशिभूषण मेहता, नागेंद्र महतो, रौशनलाल चौधरी, प्रदीप प्रसाद, कुमार उज्जवल, पूर्णिमा साहू और रागिनी सिंह समेत बड़ी संख्या में पार्टी नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे.