Giridih News: गिरिडीह के छोटकी सरिया गांव में रविवार रात अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर नकदी और हजारों रुपये के जेवरात चुरा लिए. राजू मंडल के मुताबिक, घर में लगभग 5 हजार रुपये नकद और दूसरे आभूषण सहित लगभग 7 लाख रुपये के सामान गायब हैं. घटना के बारे में परिवार को रात करीब ढाई बजे पता चला.
कमरे में बिखरा रहा सामान
राजू मंडल के अनुसार, उनके बेटे ने रात करीब ढाई बजे फोन करके घर में चोरी होने की जानकारी दी. जब वे घर पहुंचे तो देखा कि बेटे का कमरा बाहर से बंद था, जबकि दूसरे कमरे में सामान बिखरा हुआ था. घर से एक छोटा बक्सा गायब हो गया था और बाहर के खेत में मिल गया. परिजनों के मुताबिक, सुबह उठने के बाद बेटे को तेज सिरदर्द की शिकायत हुई.
नशीला स्प्रे करने का संदेह
परिवार का अनुमान है कि चोरों ने चोरी के दौरान किसी नशीले पदार्थ या स्प्रे का इस्तेमाल किया होगा, ताकि घर में मौजूद लोग गहरी नींद में रहें. हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है. परिजनों ने पुलिस और स्थानीय प्रशासन से घटना की जल्द जांच करने और आरोपियों की पहचान करने की गुहार लगाई है.
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस जांच टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर गए. पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देख रही है और स्थानीय लोगों से भी बात कर रही है. अब तक चोरी की घटना और परिवार के द्वारा बताए गए नुकसान की जांच की जा रही है.