Current News : स्वतंत्रता दिवस को लेकर दिल्ली पुलिस ने राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। 15 अगस्त के मद्देनजर स्पेशल सेल, क्राइम ब्रांच, रेलवे पुलिस और विभिन्न जिलों की पुलिस समेत अन्य सुरक्षा इकाइयों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
भीड़भाड़ वाले इलाकों में लगाए गए पोस्टर
सुरक्षा व्यवस्था के तहत दिल्ली पुलिस ने राजधानी के कई भीड़भाड़ वाले इलाकों में 19 वांछित आतंकियों के पोस्टर लगाए हैं। इन पोस्टरों में इंडियन मुजाहिदीन, अल-कायदा और खालिस्तानी आतंकी संगठनों से जुड़े लोगों की तस्वीरें और नाम शामिल हैं।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि पोस्टर में दिखाए गए किसी व्यक्ति के बारे में कोई जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। पोस्टरों पर दिल्ली पुलिस कंट्रोल रूम का नंबर 112 भी जारी किया गया है। दिल्ली पुलिस ने कहा है कि इन वांछित आतंकियों के बारे में जानकारी देने वाले लोगों को उचित इनाम दिया जाएगा। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखने की बात भी पुलिस ने कही है।
पोस्टर में इन आतंकियों के नाम शामिल
पोस्टरों में इंडियन मुजाहिदीन से जुड़े रियाज भटकल और शबांदरी मोहम्मद इकबाल उर्फ इकबाल भटकल के नाम शामिल हैं। इसके अलावा अल-कायदा से जुड़े मोहम्मद शर्जील अख्तर, अबू सुफियान, मोहम्मद उमर और सैयद मोहम्मद अर्शियान की तस्वीरें भी लगाई गई हैं।
खालिस्तानी आतंकी संगठनों से जुड़े रंजीत सिंह उर्फ नीता, परमजीत सिंह पम्मा, अर्शदीप सिंह उर्फ अर्श डाला, हरविंदर सिंह संधू उर्फ रिंडा, वधावा सिंह बब्बर और गुरमीत सिंह बग्गा के नाम भी पोस्टरों में शामिल हैं। स्वतंत्रता दिवस समारोह को देखते हुए दिल्ली पुलिस संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में निगरानी बढ़ाने के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर भी नजर रख रही है।