खरसावां कुचाई प्रखंड के मरांगहातु गांव में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी की ओर से पूर्व जिला कोषाध्यक्ष स्वर्गीय लांडु सोय की 18वीं पुण्यतिथि को शहादत दिवस के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर ग्रामीणों, भाजपा कार्यकर्ताओं और स्व. सोय के परिजनों ने उनकी समाधि स्थल पर पारंपरिक रीति से पूजा-अर्चना कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि लांडु सोय समाज के लिए एक प्रेरणास्रोत और मजबूत स्तंभ थे। उन्होंने अपने जीवन के महत्वपूर्ण क्षणों को समाज सेवा में समर्पित किया। उनका त्याग और समर्पण आज भी हमें बेहतर समाज निर्माण की प्रेरणा देता है।
श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने यह भी कहा कि गांव का समग्र विकास ही स्व. सोय को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उनकी स्मृति से जुड़ा यह स्थल हमें संकल्प लेने की प्रेरणा देता है कि समाज और गांव को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाएं।
कार्यक्रम में मौजूद वक्ताओं ने यह भी माना कि लांडु सोय जैसे समर्पित कार्यकर्ता की आवश्यकता हर समय रहती है। आज जब वे हमारे बीच नहीं हैं, तब उनकी कमी साफ महसूस की जा रही है। उन्होंने हमेशा क्षेत्र के विकास और सामाजिक सुधार के लिए काम किया और अंततः समाज के हित में अपने प्राणों की आहुति दे दी।
इस अवसर पर श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में जिला परिषद सदस्य झिगी हेम्ब्रम, सत्येंद्र कुम्हार, भाजपा प्रखंड अध्यक्ष कृष्ण सोय, प्रदीप सिंहदेव, दुलाल स्वांसी, कांडे सुम्बरुई, आसू हेम्ब्रम, केपी सेठ सोय, सुला गागराई, राहुल दास, मोरा सुंडी, नागी कुई, तालामाई सोय सहित स्वर्गीय लांडु सोय के परिजन उपस्थित थे।