Seraikela: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 को लेकर मंगलवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई. बैठक में प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन, दावे-आपत्तियों और आगामी विशेष शिविरों को लेकर जानकारी दी गई.
5 अगस्त को जारी हो चुकी है प्रारूप सूची
अधिकारियों ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश के तहत जिले की प्रारूप मतदाता सूची 5 अगस्त 2026 को प्रकाशित कर दी गई है. मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने या किसी तरह का संशोधन कराने के लिए 4 सितंबर 2026 तक दावा और आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है. पुनरीक्षण प्रक्रिया पूरी होने के बाद अंतिम मतदाता सूची 7 अक्टूबर को प्रकाशित की जाएगी.
8.92 लाख मतदाताओं में 7.66 लाख ने जमा किए प्रपत्र
बैठक में बताया गया कि 30 जून से 29 जुलाई तक चले गणना चरण के दौरान जिले में कुल 8 लाख 92 हजार 189 मतदाता दर्ज थे. इनमें से 7 लाख 66 हजार 713 मतदाताओं ने गणना प्रपत्र जमा किया. विभिन्न कारणों से 1 लाख 24 हजार 576 प्रपत्र एकीकृत नहीं हो सके. इनमें 26,242 मृत मतदाता, 39,431 स्थानांतरित मतदाता, 45,417 अनुपस्थित मतदाता, 9,088 डुप्लीकेट मामले और 4,398 विदेशी मतदाताओं से जुड़े मामले शामिल हैं. जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 2 लाख 34 हजार 432 नोटिस जारी किए गए हैं. इनमें सरायकेला विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक 1 लाख 12 हजार 156 नोटिस जारी हुए हैं.
BLA-2 की भूमिका अहम, DC ने दिए निर्देश
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने कहा कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने में बूथ लेवल एजेंट यानी BLA-2 की भूमिका महत्वपूर्ण है. उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से प्रारूप मतदाता सूची का बारीकी से निरीक्षण करने की अपील की. उन्होंने कहा कि जिन पात्र मतदाताओं के नाम सूची में छूट गए हैं, वे प्रपत्र-6, 6A, 7 और 8 के माध्यम से आवश्यक दावा या आपत्ति दर्ज करा सकते हैं.
15 अगस्त से विशेष कार्यक्रम, 25 अगस्त से घर-घर सत्यापन
पुनरीक्षण प्रक्रिया के तहत 15 अगस्त को सभी पंचायत भवनों और मतदान केंद्रों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. इसके बाद 22 और 23 अगस्त को दूसरा विशेष कैंप लगाया जाएगा. वहीं, 25 अगस्त से 4 सितंबर तक घर-घर सत्यापन का कार्य किया जाएगा, ताकि मतदाता सूची में दर्ज जानकारी को दुरुस्त किया जा सके और पात्र मतदाताओं से संबंधित दावों का निपटारा किया जा सके.
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रकाश और जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी पारुल सिंह समेत मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे.