Ranchi News : झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के सरकारी आवास के बाहर भाजपा विधायकों के धरना-प्रदर्शन को लेकर गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि यह प्रदर्शन महज राजनीतिक विरोध नहीं था, बल्कि मुख्यमंत्री को जान से मारने की साजिश का हिस्सा हो सकता है।
सीएम आवास की सुरक्षा पर उठाए सवाल
इरफान अंसारी ने कहा कि प्रदर्शन के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी पत्नी और बच्चों के साथ सरकारी आवास में मौजूद थे। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर कोई व्यक्ति सुरक्षा घेरा पार कर आवास के अंदर पहुंच जाता और कोई अनहोनी हो जाती, तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होती।
मंत्री ने विधानसभा अध्यक्ष से मांग की कि मुख्यमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन करने वालों की पहचान कराई जाए और यह जांच की जाए कि प्रदर्शन के पीछे वास्तविक मंशा क्या थी। उन्होंने कहा कि अगर जांच में हत्या की साजिश या हत्या के प्रयास की बात सामने आती है, तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
छात्रों की मांगों पर सरकार समीक्षा के लिए तैयार
इस बीच झारखंड में JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर छात्रों का आंदोलन जारी है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि सरकार छात्रों की अधिकांश मांगों को स्वीकार कर चुकी है और सभी परीक्षाओं की समीक्षा के लिए तैयार है। उन्होंने परीक्षा व्यवस्था में सुधार का भी भरोसा दिया है।