Bihar News: पूर्णिया से एक दुखद घटना सामने आई है, जहां प्रेम विवाह के महज 24 घंटे के भीतर नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मिली जानकारी के अनुसार, अररिया जिले के पलासी थाना क्षेत्र के रहने वाले प्रेमी युगल का लंबे समय से प्रेम संबंध चल रहा था. दोनों ने सावन के दूसरे सोमवार को पूर्णिया सिटी स्थित काली मंदिर में विवाह रचाया था.
शादी के अगले दिन मंगलवार को दोनों मंदिर गए थे. इसी दौरान युवती को सिर में तेज दर्द हुआ और वह अचानक सीढ़ियों पर गिर गई. उसके बाद युवक उसे इलाज के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज ले गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
दो साल से चल रहा था प्रेम संबंध
युवक ने कहा कि दोनों के बीच लगभग दो साल से अधिक समय तक प्रेम संबंध रहा है और वे एक दूसरे के पड़ोसी थे. सोमवार को दोनों घर से निकलकर पूर्णिया पहुंचे और मंदिर में शादी की. शादी के कुछ घंटे बाद हुई इस घटना से परिवार और दोस्तों में दुख का माहौल है.
मौत के कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हैं
नवविवाहिता की मौत का कारण अभी तक साफ नहीं है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही इसका वास्तविक कारण पता चलेगा. खबर लिखे जाने तक युवती के एक परिजन जीएमसीएच पहुंच चुके थे और उन्होंने अपनी बेटी के शव पर पोस्टमार्टम न कराने के लिए टीओपी पुलिस को लिखित आवेदन दिया है. मामले की आगे की जांच और उपलब्ध तथ्यों पर निर्भर करेगी.