NEWS 26 IMPACT: जमशेदपुर में सिदगोड़ा के शिव सिंह बगान इलाके में टाटा लीज की विवादित जमीन पर कथित कब्जे और घेराबंदी को लेकर चल रहे विवाद में बुधवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की. सुबह से ही मौके पर भारी पुलिस बल और टाटा स्टील के कर्मचारी तैनात रहे. इसके बाद जमीन पर बनाए गए बाउंड्री, गेट और गाड़े गए पिलरों को हटाने का काम शुरू किया गया. आपको बता दें कि NEWS 26 ने इस मुद्दे प्रमुखता से उठाया था, जिसके बाद प्रशासन हरकत में आई और कर्रवाई की गई.
अतिक्रमण हटाने के लिए मौके पर करीब तीन बुलडोजर लगाए गए हैं. पुलिस और टाटा स्टील के कर्मचारियों की मौजूदगी में कथित अवैध निर्माण को एक-एक कर ढहाया जा रहा है.
कई दिनों से चल रहा था जमीन को लेकर विवाद
दरअसल, शिव सिंह बगान में टाटा लीज की जमीन पर कथित कब्जे और घेराबंदी का मामला पिछले कई दिनों से विवाद का कारण बना हुआ था. इससे पहले बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे थे और पिलर लगाकर जमीन की घेराबंदी शुरू कर दी गई थी. स्थानीय लोगों की ओर से लगातार इस मामले में प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की जा रही थी. लैंड विभाग की ओर से भी जमीन पर कथित कब्जे की जानकारी जिला प्रशासन तक पहुंचाए जाने की बात सामने आई थी.
कार्रवाई के दौरान पुलिस और विरोध कर रहे लोगों में बहस
बुधवार को जब प्रशासन और टाटा स्टील की टीम अतिक्रमण हटाने पहुंची तो मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने इसका विरोध शुरू कर दिया. इस दौरान पुलिसकर्मियों, टाटा स्टील के कर्मचारियों और विरोध कर रहे लोगों के बीच बहस भी हुई.
हालांकि भारी पुलिस बल की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी रही. फिलहाल प्रशासन की ओर से पूरे इलाके में निगरानी रखी जा रही है, ताकि कार्रवाई के दौरान किसी तरह की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो.
पहले उठ रहे थे कार्रवाई में देरी को लेकर सवाल
इस मामले में पिछले दिनों यह सवाल उठ रहा था कि जमीन पर कथित कब्जे और घेराबंदी की जानकारी होने के बावजूद प्रशासन की ओर से तत्काल कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है. अब बुधवार को हुई कार्रवाई के बाद प्रशासन ने जमीन पर किए गए कथित अतिक्रमण को हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. फिलहाल कार्रवाई पूरी होने के बाद यह स्पष्ट होगा कि जमीन पर कितने हिस्से में घेराबंदी की गई थी और आगे प्रशासन की ओर से इस मामले में क्या कदम उठाया जाता है.