JPSC JSSC Student Protest: JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों को लेकर धरना दे रहे छात्रों के बीच मंगलवार देर रात प्रशासनिक अधिकारियों की टीम पहुंची. करीब रात 12 बजे से 1 बजे के बीच अधिकारियों ने धरना स्थल पर मौजूद अभ्यर्थियों से बातचीत की और उनकी व्यक्तिगत जानकारी दर्ज की.
अधिकारियों ने आंदोलन में शामिल छात्रों से नाम, मोबाइल नंबर और पता मांगा. बताया जा रहा है कि धरना स्थल पर मौजूद करीब 50 फीसदी अभ्यर्थियों ने अपनी जानकारी प्रशासन को उपलब्ध करा दी, जबकि कुछ छात्रों ने व्यक्तिगत विवरण देने से साफ इनकार कर दिया.
अधिकारियों के लौटने के बाद भी नहीं तय हुई रणनीति
प्रशासनिक अधिकारियों के धरना स्थल से वापस लौटने के बाद 12 घंटे से अधिक समय गुजर चुका है, लेकिन आंदोलनकारी छात्रों ने अभी तक आगे की रणनीति को लेकर कोई अंतिम फैसला नहीं लिया है. बताया जा रहा है कि अभ्यर्थियों की बैठक जल्द होने वाली है. इस बैठक में देर रात प्रशासन की ओर से जानकारी जुटाए जाने समेत आंदोलन की मौजूदा स्थिति पर चर्चा की जाएगी.
बैठक के बाद तय होगा आंदोलन का अगला कदम
छात्रों की बैठक में यह भी तय किया जा सकता है कि JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आंदोलन को किस दिशा में आगे बढ़ाया जाए. प्रशासन के साथ हुई हालिया गतिविधियों को लेकर भी अभ्यर्थी अपना पक्ष रखेंगे. फिलहाल आंदोलनकारी छात्रों की बैठक पर सबकी नजर है. बैठक में लिए जाने वाले फैसले के बाद ही आंदोलन की अगली रणनीति और आगे के कार्यक्रम को लेकर स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है.