Jamshedpur: जमशेदपुर के एमजीएम थाना पुलिस ने मेडिकल कॉलेज के बॉयज हॉस्टल में हुए लैपटॉप चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उसकी निशानदेही पर मानगो स्थित घर से चोरी किया गया डेल कंपनी का लैपटॉप भी बरामद कर लिया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान करीब 30 वर्षीय पवन कुमार, पिता कमला कांत मिश्रा, निवासी गुरुद्वारा रोड, शिव मंदिर के पास, मानगो के रूप में हुई है.
7 अप्रैल को दर्ज हुई थी शिकायत
इस मामले में सर्वेश मीणा ने 7 अप्रैल को एमजीएम थाना में शिकायत दर्ज कराई थी. उन्होंने बताया था कि मेडिकल कॉलेज के बॉयज हॉस्टल स्थित उनके कमरे से अज्ञात व्यक्ति लैपटॉप लेकर चला गया है. शिकायत मिलने के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम के निर्देश पर एमजीएम थाना प्रभारी सचिन कुमार दास के नेतृत्व में पुलिस टीम बनाई गई. जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के साथ सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी को भी खंगाला.
डिलीवरी देने के दौरान मिली चोरी का मौका
पुलिस जांच में पवन कुमार का नाम सामने आने के बाद टीम ने 11 अगस्त को मानगो स्थित उसके घर पर छापेमारी की. पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर लैपटॉप चोरी करने की बात स्वीकार की.
पुलिस के अनुसार, पवन पहले ब्लिंकिट में डिलीवरी बॉय के तौर पर काम करता था. उसने बताया कि 28 मार्च की रात वह सामान पहुंचाने के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज के बॉयज हॉस्टल गया था. डिलीवरी पूरी करने के बाद वापस लौटते समय उसकी नजर एक खुले कमरे पर पड़ी.
कमरे के बाहर नीचे रखा लैपटॉप देखकर उसने उसे उठा लिया और अपने बैग में रखकर वहां से निकल गया. घर पहुंचने के बाद उसने लैपटॉप को गोदरेज की अलमारी में छिपा दिया था.
अलमारी से मिला डेल का लैपटॉप
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर उसके घर की गोदरेज अलमारी की तलाशी ली. वहां से चोरी किया गया डेल कंपनी का लैपटॉप बरामद कर लिया गया. बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है.
पुलिस टीम में ये अधिकारी रहे शामिल
छापेमारी और गिरफ्तारी की कार्रवाई में एमजीएम थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक सचिन कुमार दास, पुलिस अवर निरीक्षक आनंद कुमार और एमजीएम थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे.