Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-08-12

Jharkhadn SIR 2026: झारखंड में मतदाता सूची पुनरीक्षण को गति देने के लिए 311 अतिरिक्त AERO नियुक्त, निर्वाचन आयोग ने दी मंजूरी

Jharkhadn SIR 2026: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 (SIR) की प्रक्रिया को तेज करने के लिए झारखंड में 311 अतिरिक्त सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई है. भारत निर्वाचन आयोग की मंजूरी के बाद यह नियुक्ति की गई है. नई व्यवस्था से मतदाताओं को दावा-आपत्ति दर्ज कराने और शिकायतों के निपटारे में सुविधा मिलने की उम्मीद है.


5 अगस्त से शुरू हुआ दावा-आपत्ति चरण

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने बताया कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत दावा एवं आपत्ति की प्रक्रिया 5 अगस्त से शुरू हो चुकी है. इस चरण में मतदाता सूची से जुड़ी शिकायतों का समयबद्ध तरीके से निपटारा किया जाएगा. प्रक्रिया के तहत नो-मैप मतदाताओं के मामलों और मतदाता सूची में मौजूद तार्किक विसंगतियों की भी जांच की जाएगी.


24 अगस्त से शुरू होगी सुनवाई

के. रवि कुमार के अनुसार, दावे और आपत्तियों पर सुनवाई की प्रक्रिया 24 अगस्त 2026 से शुरू होगी. संबंधित मतदाताओं को जरूरत के अनुसार नोटिस जारी किया जाएगा. इसके बाद जरूरी दस्तावेजों की जांच और सत्यापन किया जाएगा. नियमानुसार प्रक्रिया पूरी करने के बाद संबंधित मामलों का निपटारा किया जाएगा. दावा-आपत्ति चरण का निपटारा 3 अक्टूबर 2026 तक किया जाना है.


जिलों के प्रस्ताव पर मिली आयोग की मंजूरी

अतिरिक्त पदाधिकारियों की नियुक्ति के लिए जिला निर्वाचन पदाधिकारियों से प्रस्ताव मांगे गए थे. जिलों से प्राप्त प्रस्तावों को भारत निर्वाचन आयोग के पास भेजा गया था, जिसे आयोग ने मंजूरी दे दी है. इसके बाद राज्य में 311 अतिरिक्त सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी नियुक्त किए गए हैं. इनकी नियुक्ति SIR की प्रक्रिया पूरी होने तक प्रभावी रहेगी.


मतदाताओं को मिलेगी ज्यादा सुविधा

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि अतिरिक्त अधिकारियों की तैनाती से मामलों की सुनवाई और निपटारे में तेजी आएगी. नो-मैप मतदाताओं को नोटिस देने, तार्किक विसंगतियों वाले मामलों की सुनवाई और मतदाता सूची की अन्य त्रुटियों को सुधारने में भी मदद मिलेगी. उन्होंने पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरा करने की बात कही.


परिवार के मतदाताओं को एक केंद्र पर रखने में भी मदद

अतिरिक्त पदाधिकारियों की नियुक्ति का एक उद्देश्य मतदाताओं को स्थानीय स्तर पर बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना भी है. एक ही परिवार के सदस्यों को एक ही मतदान केंद्र पर रखने की प्रक्रिया में भी इससे मदद मिलेगी. इसके अलावा घर-घर जाकर मतदाता सूची से संबंधित Home to Roll प्रक्रिया को भी प्रभावी तरीके से आगे बढ़ाने की योजना है.

WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !