Ramgarh News: रामगढ़ के उपायुक्त ऋतुराज ने बुधवार को सदर अस्पताल का अचानक निरीक्षण किया. उन्होंने मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं, डॉक्टरों की उपस्थिति, ओपीडी, साफ-सफाई, दवा और जांच व्यवस्था का जायजा लिया. इस दौरान तीन डॉक्टर अनुपस्थित पाए गए, जिस पर उपायुक्त ने कार्रवाई के निर्देश दिए.
तीन डॉक्टरों पर कार्रवाई के निर्देश
निरीक्षण के दौरान ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. कीर्ति सिन्हा, रेडियोलॉजिस्ट डॉ. राजन पांडे और डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. अजीत कुमार सिंह अस्पताल में अनुपस्थित मिले. उपायुक्त ने तीनों डॉक्टरों से स्पष्टीकरण मांगने के साथ अगले आदेश तक उनका वेतन रोकने का निर्देश दिया.
मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए दो ओपीडी का निर्देश
अस्पताल में मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए उपायुक्त ने ऑर्थो, गायनी और मेडिसिन विभाग में प्रतिदिन दो ओपीडी संचालित करने का निर्देश सिविल सर्जन को दिया. उन्होंने अस्पताल में साफ-सफाई, दवा और जांच व्यवस्था बेहतर रखने के साथ पात्र मरीजों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया.
मरीजों से सीधे ली सुविधाओं की जानकारी
उपायुक्त ने विभिन्न वार्डों का निरीक्षण करते हुए मरीजों से सीधे बातचीत की और इलाज, दवा, जांच, भोजन समेत अन्य सुविधाओं की जानकारी ली. उन्होंने रजिस्ट्रेशन काउंटर, लैब, शौचालय, मेस, अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे रूम का भी जायजा लिया. मेस में मरीजों को निर्धारित समय पर मेन्यू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. उपायुक्त ने कहा कि सदर अस्पताल जिले की प्रमुख स्वास्थ्य संस्था है और मरीजों को बेहतर व सुगम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है