Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-08-12

Jamshedpur News: उपायुक्त राजीव रंजन ने की समाज कल्याण विभाग की समीक्षा, 15 अगस्त से पहले आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका के रिक्त पद भरने के निर्देश

Jamshedpur: समाहरणालय सभागार में उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में समाज कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक हुई. बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्था, विभागीय योजनाओं की प्रगति और लाभुकों को मिल रही सुविधाओं की स्थिति की समीक्षा की गई. उपायुक्त ने अधिकारियों को तय समय-सीमा के भीतर लंबित कार्य पूरे करने और योजनाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.

सेविका-सहायिका के खाली पदों पर जल्द हो चयन
उपायुक्त ने जिले की सभी बाल विकास परियोजनाओं में आंगनबाड़ी सेविका और सहायिका के रिक्त पदों पर चयन प्रक्रिया 15 अगस्त से पहले पूरी करने का निर्देश दिया. उन्होंने पूर्ण हो चुके आंगनबाड़ी केंद्रों के भवनों का हस्तांतरण सुनिश्चित करने के लिए कार्यपालक अभियंता को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा. बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों में वर्षा जल संचयन से जुड़े कार्यों की भी समीक्षा की गई. उपायुक्त ने इन कार्यों को जल्द पूरा कराने का निर्देश दिया. जिन केंद्रों में बिजली कनेक्शन नहीं है, वहां विद्युत सुविधा उपलब्ध कराने के लिए बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों को संबंधित कार्यपालक अभियंता से समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया.

पोषण ट्रैकर पर रोजाना दर्ज होगी केंद्र की गतिविधि
उपायुक्त ने पोषण ट्रैकर पर आंगनबाड़ी केंद्रों से जुड़ी दैनिक जानकारी अनिवार्य रूप से दर्ज करने का निर्देश दिया. महिला पर्यवेक्षिकाओं को केंद्र के प्रतिदिन खुलने, बच्चों की उपस्थिति और गर्म पका भोजन वितरण की ऑनलाइन प्रविष्टि सुनिश्चित करने को कहा गया. प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने सभी पात्र लाभुकों का शत-प्रतिशत पंजीकरण कराने का निर्देश दिया. उन्होंने बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों और महिला पर्यवेक्षिकाओं से यह सुनिश्चित करने को कहा कि पात्र लाभुक योजना के लाभ से वंचित न रहें.

5 साल तक के बच्चों का आधार पंजीकरण कराने पर जोर
बैठक में शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों के आधार पंजीकरण और आधार विवरण के अद्यतन पर भी चर्चा हुई. उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को बच्चों को आधार शिविर तक पहुंचाने के लिए आवश्यक व्यवस्था करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि विभागीय योजनाओं और आंगनबाड़ी केंद्रों से जुड़े कार्यों की लगातार निगरानी की जाए, ताकि निर्धारित समय-सीमा में काम पूरा हो और पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके.

बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी और महिला पर्यवेक्षिकाएं मौजूद रहीं.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !