Ranchi News : रांची में विधानसभा घेराव के दौरान छात्रों और पुलिस के बीच हुई झड़प के मामले में पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने करीब 100 लोगों को नामजद करते हुए 500 अज्ञात प्रदर्शनकारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस के अनुसार, प्रदर्शनकारियों पर सरकारी काम में बाधा डालने, पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट करने तथा पथराव करने का आरोप है। पुलिस का दावा है कि पथराव में कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। मामले में पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार और सरकारी कार्य में बाधा डालने समेत कई धाराओं में कार्रवाई की गई है।
8 अगस्त के मार्च को लेकर लालपुर थाने में भी FIR
इसी घटनाक्रम से जुड़े मामले में लालपुर थाना में भी प्राथमिकी दर्ज की गई है। यह FIR 8 अगस्त को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) झारखंड की ओर से निकाले गए मार्च को लेकर दर्ज हुई है। शिकायत पिस्का मोड़ स्थित प्रभारी वरीय पशु चिकित्सा एवं पशुपालन पदाधिकारी डॉ. तनवीर अख्तर ने दी है। शिकायत के अनुसार, सदर अनुमंडल कार्यालय के आदेश पर डॉ. अख्तर को मोरहाबादी मैदान में मजिस्ट्रेट के रूप में तैनात किया गया था। वे पुलिस अधिकारियों और जवानों के साथ मार्च के दौरान मौजूद थे।
बारिश के बीच बैरिकेडिंग तोड़ने का आरोप
मार्च को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय के रांची गेट के पास रोका गया। इसी दौरान तेज बारिश शुरू हो गई। आरोप है कि कुछ प्रदर्शनकारियों ने बांस-बल्लियों से बनाई गई बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की।
इसके बाद प्रदर्शनकारियों को सिद्धू-कान्हू मोड़ के पास रोका गया। पुलिस के अनुसार, कुछ प्रदर्शनकारियों को सरकारी वाहन से ले जाने के दौरान कुछ लोगों ने वाहन रोकने के लिए उस पर चढ़ने की कोशिश की। पुलिस का आरोप है कि इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और पुलिस के काम में बाधा डाली। करीब आधे घंटे बाद बाकी प्रदर्शनकारी नारेबाजी करते हुए वहां से चले गए।
भाजपा कार्यकर्ताओं पर फिलहाल FIR नहीं
सोमवार को मुख्यमंत्री आवास घेराव के दौरान भाजपा के करीब 102 नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया था। हालांकि, बाद में सभी को पीआर बॉन्ड पर छोड़ दिया गया। पुलिस के अनुसार, भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ फिलहाल प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है। पूरे मामले की जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।