Jamshedpur News: जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र में गश्ती के दौरान एक टाइगर मोबाइल जवान पर हमले की खबर सामने आई है। यह घटना हुडको स्थित एक खाली क्वार्टर (नंबर 152) के पास हुई। मारपीट में जवान के सिर पर चोट आई है। घायल जवान का नाम सुजीत कुमार है, जबकि हमला करने वाले युवक की पहचान टेल्को के ट्रक पार्क निवासी आदित्य करवा के रूप में हुई है।
पूछताछ के दौरान हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, टाइगर मोबाइल जवान सुजीत कुमार और चुन्नू राम सोरेन गश्ती के दौरान खाली क्वार्टर के पास पहुंचे थे। वहां एक युवक अंदर बैठा हुआ था। जवान ने युवक से पूछताछ की, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि युवक ने जवान के साथ मारपीट की और बाद में पत्थर से उनके सिर पर हमला कर दिया, जिससे सुजीत कुमार को सर पर चोट आई है और चुन्नू राम सोरेन को दांत से काटा गया है।
सिर पर आई चोट, थाने ले जाया गया युवक
पथराव में सुजीत कुमार के सिर में चोट लगने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद पुलिस ने युवक आदित्य करवा को हिरासत में लेकर टेल्को थाना पहुंचाया। प्रारंभिक जानकारी में यह भी सामने आया है कि घटना के समय मौके पर एक अन्य युवक और एक युवती भी मौजूद थे। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।