Monsoon Session 2026: संसद के मानसून सत्र के अंतिम दिन गुरुवार को मकर द्वार पर सत्ताधारी एनडीए और विपक्षी इंडिया गठबंधन के सांसद आमने-सामने आ गए. दोनों पक्षों के सांसदों ने अलग-अलग मुद्दों को लेकर एक-दूसरे के खिलाफ नारेबाजी की और प्लेकार्ड दिखाए. स्थिति को देखते हुए सुरक्षाकर्मियों ने दोनों पक्षों के बीच घेरा बना दिया.
JPSC-JSSC छात्रों के मुद्दे पर NDA का प्रदर्शन
एनडीए सांसदों ने झारखंड में आंदोलनरत जेपीएससी-जेएसएससी छात्रों के खिलाफ पुलिस की कथित कार्रवाई को लेकर कांग्रेस और राहुल गांधी के खिलाफ नारे लगाए. सांसदों ने राहुल गांधी से इस मुद्दे पर जवाब देने की मांग की. प्रदर्शन के दौरान उनके हाथों में विभिन्न संदेश लिखे प्लेकार्ड भी थे.
विपक्ष ने सरकार को घेरा
वहीं, इंडिया गठबंधन के सांसदों ने जंतर-मंतर पर छात्रों पर कथित लाठीचार्ज और अयोध्या राम मंदिर के चढ़ावे की कथित चोरी के मुद्दे को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया. दोनों पक्षों के सांसद अपने-अपने मुद्दों को लेकर सरकार और विपक्ष पर निशाना साधते नजर आए.
सुरक्षाकर्मियों ने बनाया सुरक्षा घेरा
मकर द्वार पर दोनों पक्षों के सांसदों के आमने-सामने आने के बाद काफी देर तक नारेबाजी होती रही. स्थिति को नियंत्रित रखने और दोनों पक्षों को अलग रखने के लिए सुरक्षाकर्मियों ने उनके बीच घेरा बना रखा था. एनडीए सांसदों की ओर से “राहुल गांधी जवाब दो” और “राहुल गांधी भागो मत” जैसे नारे लगाए गए.
मानसून सत्र का आज आखिरी दिन
मानसून सत्र का आज आखिरी दिन है. सत्र के दौरान लगभग हर दिन मकर द्वार पर एनडीए और इंडिया गठबंधन के सांसदों के बीच अलग-अलग मुद्दों को लेकर प्रदर्शन और नोकझोंक देखने को मिली. अंतिम दिन भी दोनों पक्ष आमने-सामने नजर आए.