Pakur News: पाकुड़ के हिरणपुर प्रखंड के मंझलाडीह पंचायत अंतर्गत अंगुठिया गांव में गुरुवार को वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की ओर से 77वां वन महोत्सव आयोजित किया गया. कार्यक्रम की शुरुआत उपायुक्त मेघा भारद्वाज, डीएफओ सौरभ चंद्रा, जिला परिषद उपाध्यक्ष अशोक कुमार भगत समेत जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने पौधारोपण कर की.
पौधों की देखभाल की अपील
उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि पेड़ पूरे पारिस्थितिकी तंत्र का आधार हैं. उन्होंने लोगों से कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने की अपील की, ताकि पौधों को सुरक्षित रखते हुए पर्यावरण संरक्षण में योगदान दिया जा सके.
वन महोत्सव को जिम्मेदारी से जोड़ने पर जोर
डीएफओ सौरभ चंद्रा ने कहा कि वन महोत्सव को केवल एक दिन आयोजित होने वाला कार्यक्रम नहीं माना जाना चाहिए. इसे सामाजिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाकर पेड़-पौधों के संरक्षण और पर्यावरण को बेहतर बनाने की दिशा में लगातार काम करना जरूरी है.
लाभुकों के बीच सामग्री का वितरण
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभुकों के बीच रेस्क्यू किट, महुआ नेट, पेंशन स्वीकृति पत्र और मजदूरों को टोकरी-कुदाल वितरित किए गए. इसके अलावा प्रमाण पत्र, साइकिल और श्रम कार्ड समेत अन्य सामग्री भी लाभुकों को दी गई.
ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
वन महोत्सव में अंगुठिया गांव के ग्रामीणों, महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया. कार्यक्रम के दौरान पौधारोपण के साथ पर्यावरण संरक्षण और पेड़ों की देखभाल को लेकर लोगों को जागरूक किया गया.