Seraikela News: सरायकेला-खरसावां जिले में लगातार हो रही भारी बारिश अब गरीब परिवारों के लिए आफत बन गई है. राजनगर प्रखंड के केन्दमुड़ी गांव में बारिश के दौरान एक जर्जर खपरेल मकान ढह गया. हादसे में जान-माल का नुकसान तो नहीं हुआ, लेकिन घर में रहने वाली दो महिलाएं बेघर हो गई हैं.
बारिश में भरभराकर गिरा मकान
घटना केन्दमुड़ी पंचायत के केन्दमुड़ी गांव की है. यहां 70 वर्षीय रहनी भगत अपनी विधवा बहू कमलिनी भगत के साथ पुराने खपरेल मकान में रहती थीं.
ग्रामीणों के मुताबिक, कई दिनों से हो रही बारिश से मकान की दीवारें और छत कमजोर हो चुकी थीं. मंगलवार दोपहर तेज बारिश के बीच अचानक मकान का हिस्सा गिर गया.
गनीमत रही कि दोनों महिलाएं उस समय घर के बाहर थीं, जिससे बड़ा हादसा टल गया.
सिर छिपाने की भी जगह नहीं बची
मकान गिरने के बाद रहनी भगत और कमलिनी भगत के सामने रहने का संकट खड़ा हो गया है. बरसात के मौसम में उनके पास अब सुरक्षित छत भी नहीं बची है.
परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है. घर में कमाने वाला कोई सदस्य नहीं है और बहू मजदूरी कर किसी तरह गुजारा करती थी.
प्रशासन से लगाई मदद की गुहार
पीड़ित महिलाओं ने जिला प्रशासन से आपदा राहत के तहत तत्काल सहायता देने की मांग की है. उन्होंने आवास योजना के जरिए पक्का घर उपलब्ध कराने की भी अपील की है.
वहीं, गांव के लोगों ने भी प्रशासन से जल्द सर्वे कर राहत पहुंचाने की मांग की है. उनका कहना है कि दोनों महिलाएं बेहद असहाय हैं और उन्हें तत्काल मदद की जरूरत है.