Aaj Ka Panchang: आज शुक्रवार, 14 अगस्त 2026 है। यह दिन धार्मिक दृष्टि से काफी खास है। हिंदू पंचांग के अनुसार, आज श्रावण मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि शाम 6:46 बजे तक रहेगी। इसके बाद तृतीया तिथि शुरू हो जाएगी। हरियाली तीज की तिथि भी आज शाम 6:46 बजे से शुरू होकर 15 अगस्त की शाम 5:28 बजे तक रहेगी।
हरियाली तीज का विशेष महत्व उत्तर भारत के कई राज्यों में है। झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और मध्य प्रदेश में इस दिन का विशेष महत्व है। महिलाएं इस दिन भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा करती हैं। इसके द्वारा वे सुखी वैवाहिक जीवन और परिवार की समृद्धि की कामना करती हैं।
आज का पंचांग, तिथि, योग और करण का हाल
आज द्वितीया तिथि शाम 6:46 बजे तक रहेगी। इसके बाद तृतीया तिथि शुरू हो जाएगी। परिघ योग सुबह 9:28 बजे तक रहेगा। उसके बाद शिव योग शुरू हो जाएगा। करण की बात करें तो बालव करण सुबह 7:39 बजे तक, कौलव करण शाम 6:46 बजे तक रहेगा। इसके बाद तैतिल करण शुरू हो जाएगा।
आज सूर्योदय सुबह 5:50 बजे होगा और सूर्यास्त शाम 7:02 बजे होगा। चंद्रोदय सुबह 7:21 बजे होगा और चंद्रास्त रात 8:01 बजे होगा। सूर्य कर्क राशि में और चंद्रमा सिंह राशि में रहेंगे।
आज के शुभ-अशुभ मुहूर्त और नक्षत्र
आज का अभिजीत मुहूर्त सुबह 11:59 बजे से दोपहर 12:52 बजे तक रहेगा। अमृत काल रात 9:33 बजे से 11:05 बजे तक रहेगा। राहुकाल सुबह 10:47 बजे से दोपहर 12:26 बजे तक रहेगा। गुलिकाल सुबह 7:29 बजे से 9:08 बजे तक रहेगा। यमगंड दोपहर 3:44 बजे से शाम 5:23 बजे तक रहेगा।
आज चंद्रमा पूर्वाफाल्गुनी नक्षत्र में रहेंगे। यह नक्षत्र 15 अगस्त तड़के 3:42 बजे तक रहेगा। इसके बाद उत्तराफाल्गुनी नक्षत्र शुरू हो जाएगा।
पूर्वाफाल्गुनी नक्षत्र की खासियत
पूर्वाफाल्गुनी नक्षत्र सिंह राशि में 13°20 से 26°40 तक फैला हुआ है। इसके स्वामी शुक्रदेव और राशि स्वामी सूर्यदेव हैं। इसके देवता भग माने जाते हैं, जिन्हें प्रेम और विवाह से जोड़ा जाता है। इसका प्रतीक बिस्तर या पलंग है।
ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार पूर्वाफाल्गुनी नक्षत्र वाले लोगों में आकर्षक व्यक्तित्व, मिलनसार स्वभाव, उदारता, मधुरभाषिता और सुख-सुविधाओं के प्रति रुचि देखी जाती है। हालांकि कभी-कभी इन लोगों में अहंकार, दिखावा और आलस्य की प्रवृत्ति भी रहती है।