Garhwa: गढ़वा के चिनिया थाना क्षेत्र के बिलैतीखैर गांव में हुई चोरी का पुलिस ने दो दिन के भीतर खुलासा कर दिया. मामले में दो युवकों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी का सामान भी बरामद किया है.
कई सामान चोरी होने की मिली थी शिकायत
रविवार रात गांव में अलग-अलग जगहों से विद्युत मोटर पंप, जनरेटर का अल्टरनेटर और ट्रक की दो बड़ी बैटरियां चोरी हो गई थीं. ट्रक से डीजल चोरी किए जाने की बात भी सामने आई थी. शिकायत मिलने के बाद चिनिया थाना पुलिस ने जांच शुरू की. पुलिस ने मामले में चोरी की घटना से जुड़े सुराग जुटाने के लिए विशेष टीम बनाई.
गांव के ही दो युवकों पर पहुंची पुलिस
जांच के दौरान पुलिस को बिलैतीखैर गांव के अजय कुमार यादव और सोनू कुमार साव की संलिप्तता की जानकारी मिली. इसके बाद दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई. पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने चोरी की घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की. उनकी बताई जगहों पर तलाशी लेने के बाद चोरी का सामान बरामद किया गया.
चोरी का सामान और औजार जब्त
पुलिस ने सुनील यादव का 1.5 एचपी और मुखलाल यादव का 2 एचपी का मोटर पंप बरामद किया. इसके अलावा जनरेटर का अल्टरनेटर और ट्रक की दोनों बैटरियां भी मिलीं. पुलिस ने चोरी में इस्तेमाल की गई हीरो स्प्लेंडर बाइक, एक ब्लेड और सलाई रिंच भी जब्त किया है.
एसडीपीओ ने दी कार्रवाई की जानकारी
गुरुवार को चिनिया थाना में हुई प्रेस वार्ता में एसडीपीओ रंका रोहित रंजन सिंह ने कार्रवाई की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तेजी से जांच आगे बढ़ाई और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. मामले में आगे की जांच जारी है.