Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-08-15

Seraikela News: सरायकेला में धूमधाम से मना 80वां स्वतंत्रता दिवस, DC नितीश कुमार सिंह ने बिरसा मुंडा स्टेडियम में फहराया तिरंगा

Seraikela: सरायकेला-खरसावां जिले में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह और गरिमापूर्ण माहौल में मनाया गया. सरायकेला स्थित भगवान बिरसा मुंडा स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में उपायुक्त नितीश कुमार सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली. पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने समारोह स्थल पर उपायुक्त की अगवानी की.

समारोह की शुरुआत सामूहिक वंदे मातरम और राष्ट्रगान के साथ हुई. इसके बाद उपायुक्त ने जिलेवासियों को संबोधित करते हुए देश की आजादी के लिए संघर्ष करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि दी. उन्होंने कहा कि सरायकेला-खरसावां की पहचान केवल इसकी ऐतिहासिक विरासत से नहीं, बल्कि यहां की समृद्ध संस्कृति और वीरों के योगदान से भी जुड़ी है.

बिरसा मुंडा समेत वीरों को किया याद
उपायुक्त ने भगवान बिरसा मुंडा, सिद्धू-कान्हू, चांद-भैरव और अमर शहीद पोटो हो के योगदान को याद किया. उन्होंने कहा कि इन वीरों का संघर्ष आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है. उन्होंने छऊ नृत्य को सरायकेला-खरसावां की विशिष्ट पहचान बताते हुए जिले की सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने की जरूरत पर भी जोर दिया. पारंपरिक मुखौटा शिल्प के क्षेत्र में योगदान के लिए गुरु सुशांत महापात्र को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार दिए जाने को उन्होंने पूरे जिले के लिए गौरव का विषय बताया.



उपायुक्त ने अपने संबोधन में वर्ष 2026 के दौरान जिला प्रशासन की ओर से विकास और सशक्तिकरण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत 1,55,081 महिलाओं को 2,500 रुपये प्रतिमाह की सहायता दी जा चुकी है. वहीं सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत 1,47,345 लाभुकों को भुगतान किया गया है.

शिक्षा और आवास के क्षेत्र में उपलब्धियां
शिक्षा के क्षेत्र में जिले के 1,34,515 बच्चों को मुफ्त किताबें उपलब्ध कराई गई हैं. इसके अलावा 196 स्कूलों में स्मार्ट क्लास और 25 स्कूलों में डिजिटल स्टूडियो शुरू किए गए हैं. आवास योजनाओं के तहत जिले में अब तक 69,280 घरों का निर्माण पूरा होने की जानकारी दी गई. महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में 21,646 महिलाओं के लखपति दीदी बनने की उपलब्धि भी बताई गई.

1088 गांव ODF+, 393 गांवों में हर घर जल
स्वच्छता के क्षेत्र में जिले के 1,088 गांवों को ODF+ घोषित किया गया है. वहीं जल जीवन मिशन के तहत 393 गांवों को हर घर जल योजना से जोड़े जाने की जानकारी दी गई. उपायुक्त ने कहा कि विकास योजनाओं का उद्देश्य आम लोगों तक सरकारी सुविधाओं की पहुंच बढ़ाना और जिले को सामाजिक एवं आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है.

स्कूली बच्चों ने पेश किए सांस्कृतिक कार्यक्रम
समारोह के दौरान विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए. देशभक्ति और स्थानीय संस्कृति से जुड़े कार्यक्रमों ने समारोह में मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित किया. स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान जिले की ऐतिहासिक विरासत, सांस्कृतिक पहचान और विकास की उपलब्धियों का संगम देखने को मिला.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !