Atal Bihari Vajpayee Death Anniversary: पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर भाजपा नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी. विधानसभा परिसर में स्थित उनकी प्रतिमा पर नेताओं ने पुष्प अर्पित कर उनके राजनीतिक जीवन और देश के लिए किए गए कार्यों को याद किया. कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और भाजपा के संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह समेत कई नेता मौजूद रहे.
बाबूलाल मरांडी ने अटल जी को बताया सर्वमान्य नेता
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी की पहचान ऐसे राजनेता के रूप में रही, जिनका सम्मान राजनीतिक विरोधी भी करते थे. उन्होंने कहा कि अटल जी ने अपनी राजनीति में देशहित और विनम्रता को हमेशा प्राथमिकता दी. मरांडी ने कहा कि देश की सुरक्षा को मजबूत करने में भी अटल बिहारी वाजपेयी की महत्वपूर्ण भूमिका रही. उनके नेतृत्व में पोखरण परमाणु परीक्षण हुआ और देश को आत्मनिर्भर तथा मजबूत बनाने की दिशा में कई कदम उठाए गए.
झारखंड गठन में अटल जी की भूमिका को किया याद
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झारखंड के अलग राज्य के रूप में गठन की चर्चा जब भी होगी, अटल बिहारी वाजपेयी का योगदान जरूर याद किया जाएगा. उन्होंने कहा कि अलग झारखंड राज्य के गठन की राह में कई अड़चनें थीं. अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में इन बाधाओं को दूर करने की दिशा में काम हुआ और अंततः झारखंड अलग राज्य बना. मरांडी ने कहा कि राज्य के गठन में उनके योगदान को झारखंड की जनता हमेशा याद रखेगी.
कर्मवीर सिंह ने बताया दूरदर्शी नेता
भाजपा संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने अटल बिहारी वाजपेयी को दूरदर्शी नेता बताया. उन्होंने कहा कि अटल जी ने अपना जीवन देश की सेवा और जनकल्याण के लिए समर्पित कर दिया. उन्होंने कहा कि वाजपेयी के विचार, आदर्श और सुशासन की सोच आने वाली पीढ़ियों के लिए भी प्रेरणा देती रहेगी. श्रद्धांजलि कार्यक्रम में महापौर रोशनी खलको, पूर्व प्रदेश मंत्री सुबोध सिंह गुड्डु, प्रदेश प्रवक्ता संदीप वर्मा, महानगर अध्यक्ष वरुण कुमार साहू, ललित ओझा, जितेंद्र वर्मा और बलराम सिंह समेत कई भाजपा नेता शामिल हुए.