Varanasi Airport Shot: वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रविवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब सुरक्षा जांच के दौरान एक यात्री की लाइसेंसी पिस्टल से अचानक गोली चल गई. इस हादसे में एयरपोर्ट पर तैनात दो कर्मचारी घायल हो गए. गोली एक महिला कर्मचारी के पैर में लगी, जबकि पुरुष कर्मचारी के हाथ को छूती हुई निकल गई. घटना के तुरंत बाद घायलों को इलाज के लिए कबीरचौरा मंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उनका उपचार जारी है.
मुंबई जा रहे थे यात्री, हथियार जमा कराने के दौरान हुई घटना
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, आजमगढ़ निवासी 55 वर्षीय कमलेश राय रविवार सुबह लगभग 9:45 बजे एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट से मुंबई जाने के लिए एयरपोर्ट पहुंचे थे. वे अपनी लाइसेंसी पिस्टल के साथ यात्रा कर रहे थे. नागरिक उड्डयन सुरक्षा नियमों के तहत किसी भी विमान यात्री को अपने साथ हथियार ले जाने के लिए उसे तय सुरक्षा प्रक्रिया के तहत जमा कराना अनिवार्य होता है.
मैगजीन निकालते वक्त दबा ट्रिगर
नियमों के मुताबिक, हथियार को सील कर पायलट केबिन में सुरक्षित रखने से पहले उसकी मैगजीन को अलग किया जाता है. बताया जा रहा है कि हथियार जमा करने की प्रक्रिया के दौरान जब कमलेश राय अपनी पिस्टल से मैगजीन निकाल रहे थे, तभी अचानक अनजाने में उनका हाथ ट्रिगर पर दब गया. ट्रिगर दबते ही तेज आवाज के साथ गोली चल गई.
सुरक्षा एजेंसियों ने आरोपी यात्री को लिया हिरासत में
गोली की आवाज सुनते ही एयरपोर्ट परिसर में कुछ समय के लिए अफरातफरी मच गई. हालांकि, मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए स्थिति को तुरंत नियंत्रित कर लिया. सीआईएसएफ (CISF) और स्थानीय पुलिस ने आरोपी यात्री कमलेश राय को हिरासत में ले लिया है. उनसे घटना के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है और उनके लाइसेंसी हथियार व उससे जुड़े दस्तावेजों की वैधता जांची जा रही है.
सुरक्षा प्रक्रिया में चूक की भी समीक्षा
इस हादसे में अन्य किसी यात्री को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है. सुरक्षा अधिकारी अब इस बात की पड़ताल कर रहे हैं कि हथियार जमा कराते समय मानक प्रक्रियाओं (SOP) का सही तरीके से पालन किया गया था या नहीं. एयरपोर्ट प्रशासन यह भी जांच रहा है कि क्या यह महज एक तकनीकी दुर्घटना थी या सुरक्षा प्रबंधन में कोई मानवीय लापरवाही हुई है. मामले की सभी पहलुओं से जांच जारी है.