Shravan Mela Special Train: सिल्ली-बोकारो रेलखंड पर शनिवार देर रात बड़ा रेल हादसा टल गया. मधुपुर जा रही 08895 श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन का एक कोच अचानक पटरी से उतर गया. ट्रेन में उस समय बड़ी संख्या में कांवड़िए सफर कर रहे थे. राहत की बात रही कि हादसे में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है.
रात करीब ढाई बजे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन शनिवार रात करीब 2:30 बजे मधुपुर की ओर जा रही थी. पोल संख्या 354/SA4 के पास इंजन से तीसरा कोच अचानक बेपटरी हो गया. बेपटरी हुए कोच का नंबर SEC 64776 बताया गया है. घटना के दौरान तेज आवाज सुनकर ट्रेन में बैठे यात्रियों के बीच कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई.
रेलवे की टीम ने संभाला मोर्चा
घटना की जानकारी मिलते ही हटिया मंडल के रेल अधिकारी, आरपीएफ और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची. इसके बाद तकनीकी कर्मचारियों ने राहत और बचाव का काम शुरू किया. रेलवे की टीम ने बेपटरी कोच को दोबारा पटरी पर चढ़ाया. इसके बाद कोच को सुरक्षा के लिहाज से मुरी यार्ड में खड़ा कर दिया गया.
ट्रैक की मरम्मत के बाद शुरू हुआ परिचालन
कोच के बेपटरी होने से रेल लाइन पर कुछ समय के लिए परिचालन प्रभावित हुआ. इसके चलते इस मार्ग से गुजरने वाली कुछ ट्रेनों के रूट में बदलाव करना पड़ा. रेलवे कर्मचारियों ने प्रभावित ट्रैक की मरम्मत का काम तेजी से पूरा किया. करीब सुबह 5:15 बजे मरम्मत पूरी होने के बाद बोकारो रेलखंड पर ट्रेनों की आवाजाही फिर शुरू कर दी गई.
हादसे के बाद ट्रेन में मौजूद सभी कांवड़ियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. रेलवे के अनुसार, घटना में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है. फिलहाल रेलवे की ओर से बोगी के बेपटरी होने के कारणों की विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है. घटना की तकनीकी जांच के बाद इसकी वजह स्पष्ट हो सकेगी.