Latehar News: लातेहार पुलिस ने रविवार को दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए सफलता हासिल की. बारेसांड पुलिस ने पोक्सो एक्ट के एक मामले में फरार आरोपी को गिरफ्तार किया. वहीं, हेरहंज पुलिस ने मार्च से लापता एक महिला को सकुशल बरामद कर लिया.
पोक्सो मामले में आरोपी गिरफ्तार
बारेसांड थाना क्षेत्र में पोक्सो एक्ट के तहत दर्ज मामले में पुलिस ने विष्णु उरांव को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपी कुंजरुम गांव का रहने वाला है. उसकी उम्र करीब 25 साल है. पुलिस ने 16 अगस्त को उसे गिरफ्तार किया. जरूरी कानूनी प्रक्रिया और मेडिकल जांच के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
पांच महीने से लापता महिला मिली
दूसरी कार्रवाई हेरहंज थाना क्षेत्र में हुई. यहां पुलिस ने मार्च महीने से लापता 25 वर्षीय ममता कुमारी को बरामद कर लिया. ममता कुमारी लवागड़ा गांव के दूधमटिया टोला की रहने वाली हैं. उनके लापता होने के बाद हेरहंज थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की गई थी. पुलिस लगातार महिला की तलाश कर रही थी. तकनीकी जांच और पुलिस की सक्रियता से 16 अगस्त को उन्हें सकुशल बरामद कर लिया गया.
परिजनों को सौंपा गया
कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद महिला को उसके परिजनों के हवाले कर दिया गया. कई महीनों से परेशान परिवार ने महिला के सुरक्षित मिलने पर राहत की सांस ली. परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना की.