Lakhisarai News: सावन की तीसरी सोमवारी पर बिहार के लखीसराय स्थित प्रसिद्ध अशोक धाम मंदिर में बड़ा हादसा हो गया. सोमवार सुबह मंदिर में भारी भीड़ के बीच भगदड़ मच गई. हादसे में 7 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 12 लोग घायल हुए हैं.
कैसे मची भगदड़?
सुबह से हजारों श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए मंदिर पहुंचे थे. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, भीड़ बढ़ने के बाद बैरिकेडिंग टूट गई. कुछ लोगों का कहना है कि बैरिकेडिंग टूटने से पहले बिजली का खंभा गिरा, जिससे अफरा-तफरी फैल गई. भीड़ में कई श्रद्धालु एक-दूसरे के ऊपर गिर पड़े.
घायलों का अस्पताल में चल रहा इलाज
हादसे के तुरंत बाद पुलिस और प्रशासन ने राहत कार्य शुरू किया. सभी घायलों को लखीसराय सदर अस्पताल भेजा गया. अस्पताल में उनका इलाज जारी है.
डीएम ने क्या कहा?
लखीसराय के डीएम शैलेंद्र कुमार ने बताया कि एक साथ दो ट्रेनें पहुंचने से अचानक भीड़ बढ़ गई. उन्होंने कहा कि बाईं ओर की बैरिकेडिंग टूटने से कई महिलाएं गिर गईं. डीएम के मुताबिक, मौके पर एंबुलेंस और मेडिकल टीम पहले से मौजूद थी. फिलहाल स्थिति सामान्य है.
घटना के बाद मंदिर परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है. पुलिस और प्रशासन भगदड़ की वजह की जांच कर रहे हैं. मृतकों की पहचान और घायलों का पूरा ब्योरा जुटाया जा रहा है.