Jamshedpur News: जमशेदपुर में सावन की तीसरी सोमवारी पर शिव भक्ति का खास नजारा देखने को मिला। सिदगोड़ा सूर्य मंदिर की ओर से बारिडीह के हरि मंदिर मैदान से भव्य कलश यात्रा निकाली गई। इसमें 5 हजार से ज्यादा महिला और पुरुष श्रद्धालु शामिल हुए।
शिव भक्ति में शामिल हुए रघुवर दास और पूर्णिमा साहू
कलश यात्रा में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास भी शामिल हुए। वे अन्य श्रद्धालुओं के साथ पैदल जल लेकर चलते नजर आए। वहीं, जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा दास साहू ने भी कलश उठाकर यात्रा में हिस्सा लिया। इस दौरान श्रद्धालु लगातार भगवान भोलेनाथ के जयकारे लगाते रहे।
पांच किलोमीटर पैदल चले श्रद्धालु
यात्रा के दौरान भगवान भोलेनाथ की झांकी भी निकाली गई। श्रद्धालु करीब पांच किलोमीटर पैदल चलकर सिदगोड़ा सूर्य मंदिर पहुंचे। मंदिर पहुंचने के बाद कलश में लाए गए जल से भगवान शिव का जलाभिषेक किया गया। इस दौरान पूरा इलाका भोलेनाथ के जयकारों से गूंज उठा।
सुख-शांति और समृद्धि की कामना
पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने श्रद्धालुओं को संबोधित किया। उन्होंने सभी की मनोकामनाएं पूरी होने की कामना की।उन्होंने कहा कि सावन में भगवान भोलेनाथ सभी के घरों में सुख, शांति और समृद्धि लाएं। साथ ही झारखंड के विकास और खुशहाली की भी उन्होंने कामना की।