Gumla Missing Girl Case: गुमला से वर्ष 2018 में लापता हुई छह वर्षीय बच्ची के मामले में सोमवार को झारखंड हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान राज्य सरकार ने अदालत को बताया कि मामले की मुख्य आरोपी भुखली लकड़ा का गुजरात के गांधीनगर में नार्को टेस्ट कराया गया, लेकिन स्वास्थ्य कारणों से वह इसके लिए अनफिट पाई गई।
सरकार ने अदालत को बताया कि नार्को टेस्ट नहीं हो पाने के बाद आरोपी का सस्पेक्ट डिटेक्शन टेस्ट और दो अन्य पूरक टेस्ट कराए गए हैं। इन जांचों के बाद पुलिस टीम फिलहाल गुजरात में है और 19 अगस्त को रांची लौटने की संभावना है। टीम के लौटने के बाद जांच की स्थिति से संबंधित रिपोर्ट अदालत में दाखिल की जाएगी।
लापरवाही के आरोपी अधिकारियों पर कार्रवाई की रिपोर्ट भी मांगी गई
सुनवाई के दौरान राज्य सरकार की ओर से उन अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई से जुड़ी स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करने के लिए समय मांगा गया, जिन पर मामले की जांच में लापरवाही बरतने का आरोप है। अदालत ने सरकार को अगली सुनवाई तक संबंधित रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया है। मामले की अगली सुनवाई 24 अगस्त को होगी। प्रार्थी की ओर से अधिवक्ता शशांक शेखर ने अदालत में पक्ष रखा।
2018 से लापता है छह साल की बच्ची
गुमला की छह वर्षीय बच्ची सितंबर 2018 से लापता है। बच्ची की बरामदगी की मांग को लेकर उसकी मां चंद्रमुनि उराइन ने झारखंड हाईकोर्ट में हेवियस कॉर्पस याचिका दायर की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए हाईकोर्ट लगातार इसकी सुनवाई कर रहा है। अब अदालत की नजर जांच की प्रगति, आरोपी से हुई जांच और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई पर है। 24 अगस्त को होने वाली सुनवाई में सरकार की ओर से स्टेटस रिपोर्ट पेश की जाएगी।