Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2025-07-04

Saraikela Giant Python Rescue: सरायकेला कृषि फार्म हाउस में मिला विशालकाय अजगर, इलाके में मचा हड़कंप, वन विभाग ने किया सुरक्षित रेसक्यू

सरायकेला-खरसावां जिला के चांडिल प्रखंड अंतर्गत गौरी गांव में उस समय हड़कंप मच गया जब भाजपा महिला मोर्चा की नेता तरु मुंडा और सामाजिक कार्यकर्ता भोला मुंडा के कृषि फार्म हाउस में एक विशालकाय अजगर जाल में फंसा हुआ पाया गया। शुक्रवार की सुबह जब फार्म हाउस का कामकाज शुरू हुआ तो वहां मौजूद लोगों की नजर जाल में फंसे एक भारी-भरकम अजगर पर पड़ी, जिसे देखकर सभी के होश उड़ गए।
गौरी गांव में स्थित इस फार्म हाउस में मुंडा दंपति बत्तख और मुर्गी पालन करते हैं। फार्म के चारों ओर जानवरों की सुरक्षा के लिए विशेष प्रकार की जाल से घेराबंदी की गई है ताकि बत्तख और मुर्गियां बाहर न निकल सकें। इसी घेराबंदी में यह विशाल अजगर फंस गया। बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर यह सांप मिला, वहां से कुछ ही दूरी पर मुंडा दंपति का निवास स्थान है, जिससे स्थिति और अधिक चिंताजनक हो गई थी।

अजगर के दिखते ही फार्म हाउस में काम करने वाले लोगों और आसपास के ग्रामीणों में भय और उत्सुकता दोनों का माहौल बन गया। आनन-फानन में तरु मुंडा और भोला मुंडा ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए तुरंत वन विभाग को इसकी सूचना दी।

जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सावधानीपूर्वक अजगर को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू कर अपने साथ ले गई। वन विभाग के कर्मियों ने बताया कि अजगर को किसी प्रकार की चोट नहीं आई है और उसे जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया जाएगा।

विशेषज्ञों के अनुसार, यह अजगर संभवतः भोजन की तलाश में रिहायशी इलाके तक पहुंच गया होगा। गर्मी और बरसात के मौसम में अक्सर सांपों के मानव बस्तियों में पहुंचने की घटनाएं सामने आती रहती हैं।

तरु मुंडा ने इस घटना के बाद लोगों से अपील की कि यदि कभी इस प्रकार के वन्यजीव दिखें तो डरने के बजाय वन विभाग को सूचित करें और खुद से कोई कदम न उठाएं, ताकि जानवरों और इंसानों दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत के साथ-साथ राहत की भी भावना देखी गई क्योंकि वन विभाग की तत्परता से अजगर को सुरक्षित निकाल लिया गया।

WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !