Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-08-17

Seraikela News: सरायकेला में नगर निकायों की समीक्षा बैठक, उपायुक्त ने पेयजल और सफाई व्यवस्था सुधारने के दिए निर्देश

Seraikela: सरायकेला-खरसावां जिले में शहरी सुविधाओं को बेहतर बनाने को लेकर सोमवार को समाहरणालय सभागार में समीक्षा बैठक हुई. जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में आदित्यपुर नगर निगम, कपाली नगर परिषद और सरायकेला नगर पंचायत की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई. बैठक में पेयजलापूर्ति, कचरा उठाव, सफाई, नाली और सड़क की स्थिति के साथ अवैध पार्किंग और प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति पर भी चर्चा हुई.

हर घर तक नियमित पेयजल पहुंचाने पर जोर
उपायुक्त ने आदित्यपुर में पेयजलापूर्ति की स्थिति की जानकारी ली. उन्होंने सभी घरों को नल-जल योजना से जोड़ने और नियमित पानी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि पेयजल से जुड़ी शिकायतों का तत्काल समाधान किया जाए. संबंधित एजेंसियां आपसी समन्वय से तकनीकी या अन्य बाधाओं को दूर करें.

32 कचरा वाहनों की होगी निगरानी
कचरा प्रबंधन की समीक्षा के दौरान नगर निगम को सभी 32 कचरा उठाव वाहनों को नियमित रूप से चलाने का निर्देश दिया गया. खराब वाहनों की जल्द मरम्मत कर उन्हें दोबारा सेवा में लगाने को कहा गया. साथ ही सभी वाहनों की GPS के जरिए निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि वाहन निर्धारित रूट से भटकते हैं या एजेंसी की ओर से लापरवाही सामने आती है तो कार्रवाई की जाएगी.

पाइपलाइन से जुड़ी शिकायतों पर भी चर्चा
बैठक में GAIL GAS और JUDCO की पाइपलाइन से संबंधित शिकायतों की भी समीक्षा हुई. उपायुक्त ने संबंधित एजेंसियों को आपसी तालमेल से समस्याओं का समाधान करने को कहा. उन्होंने भविष्य में पाइपलाइन से जुड़ी ऐसी परेशानियां सामने न आएं, इसके लिए पहले से जरूरी तैयारी रखने का निर्देश दिया.

अवैध पार्किंग पर औचक जांच
शहरी इलाकों में अवैध पार्किंग को लेकर उपायुक्त ने सख्ती बरतने के निर्देश दिए. उन्होंने चिन्हित स्थानों पर निगरानी बढ़ाने और औचक निरीक्षण अभियान चलाने को कहा. इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृति मिलने के बाद भी लंबित मामलों की सूची जिला मुख्यालय को भेजने का निर्देश दिया गया.

फील्ड में जाकर शिकायतों का समाधान करें अधिकारी
उपायुक्त ने कहा कि लोगों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है. उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से क्षेत्र का निरीक्षण करने और लोगों की शिकायतों का जल्द समाधान सुनिश्चित करने को कहा. बैठक में नगर आयुक्त आदित्यपुर एजाज़ अनवर, कपाली और सरायकेला के कार्यपालक पदाधिकारी, विद्युत एवं पेयजल प्रमंडल के अभियंता समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !