Jamshedpur: जमशेदपुर के MGM थाना क्षेत्र में लूट और जानलेवा हमले के मामले में फरार चल रहे कर्मदेव कर्मकार के खिलाफ पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर इश्तेहार चस्पा किया है. पुलिस ने आरोपी को तय समय सीमा के भीतर न्यायालय में आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी है.
घर पर पहुंची पुलिस टीम
न्यायालय से जारी आदेश के अनुपालन में पुलिस टीम उलीडीह थाना क्षेत्र के श्यामनगर स्थित कर्मदेव कर्मकार के आवास पर पहुंची. स्थानीय लोगों की मौजूदगी में उसके घर पर धारा 82 के तहत इश्तेहार चिपकाने की कार्रवाई की गई. पुलिस के अनुसार, कर्मदेव कर्मकार करीब 35 वर्ष का है और रोड नंबर-1, श्यामनगर का रहने वाला है. वह मामले में फरार चल रहा है.
मोबाइल और नकदी छीनने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, मनोज कुमार सिंह पर हमला कर उनका मोबाइल फोन और नकदी छीनने की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया था. घटना के बाद से कर्मदेव कर्मकार की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है. पुलिस का कहना है कि आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार फरार चल रहा है.
आत्मसमर्पण नहीं किया तो होगी कुर्की-जब्ती
न्यायालय के निर्देश के तहत पुलिस ने इश्तेहार के जरिए आरोपी को आत्मसमर्पण का मौका दिया है. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित अवधि में यदि वह न्यायालय के समक्ष पेश नहीं होता है, तो उसके खिलाफ आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की जाएगी.
इसके तहत उसके खिलाफ कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की जा सकती है. पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए आगे भी कार्रवाई जारी रखेगी.