Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-08-18

Bhind Road Accident: भिंड-ग्वालियर मार्ग पर पिकअप और डंपर की भीषण भिड़ंत, UP के 8 मजदूरों की मौत, 26 घायल

Bhind Road Accident: मध्य प्रदेश के भिंड जिले में मंगलवार को भिंड ग्वालियर मार्ग पर एक भीषण सड़क हादसे में 8 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 26 लोग घायल बताए जा रहे हैं. छीमका गांव के पास पिकअप वाहन और डंपर की आमने सामने टक्कर के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई. हादसे में घायल लोगों को पहले गोहद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से गंभीर मरीजों को बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया गया है.


धान की रोपाई के बाद घर लौट रहे थे मजदूर
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक पिकअप में सवार ज्यादातर मजदूर उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के रहने वाले थे. ये मजदूर गोहद क्षेत्र में धान की रोपाई का काम पूरा करने के बाद वापस अपने घर लौट रहे थे. छीमका गांव के पास पहुंचते ही पिकअप की डंपर से जोरदार भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई लोग उसके अंदर फंस गए. दुर्घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने पुलिस के साथ मिलकर राहत और बचाव का काम शुरू किया.

गंभीर घायलों को ग्वालियर भेजा गया
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन की टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं. एंबुलेंस के जरिए सभी घायलों को गोहद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका प्राथमिक उपचार किया. इलाज के दौरान जिन घायलों की हालत गंभीर पाई गई, उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए ग्वालियर अस्पताल रेफर कर दिया गया. डॉक्टरों के अनुसार कुछ घायलों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है.

पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच
घटना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप पटेल और एसडीओपी महेंद्र गौतम कई थानों के पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल पर राहत एवं बचाव अभियान की निगरानी की और घायलों को जल्द अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था कराई.

पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मृतकों की पहचान की प्रक्रिया भी जारी है. शुरुआती जांच में दोनों वाहनों की तेज रफ्तार को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सड़क की स्थिति समेत दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है. हादसे के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है और प्रशासन की ओर से आगे की कार्रवाई जारी है.


WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !