Current News: कर्नाटक लोक सेवा आयोग KPSC की 400 पदों वाली Veterinary Officer भर्ती प्रक्रिया में कथित भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर प्रवर्तन निदेशालय ED ने राज्य में 21 ठिकानों पर छापेमारी की है। कार्रवाई में KPSC कार्यालय के अलावा निलंबित चेयरमैन शिवशंकरप्पा एस साहूकार, KPSC सदस्य शांता होसमनी के आवास और कथित बिचौलियों से जुड़े ठिकाने शामिल हैं।
ED ने Prevention of Money Laundering Act PMLA के तहत यह कार्रवाई की है। इसके अलावा परीक्षा की डिजिटल कॉपियों की जांच करने वाली कंपनी एडुस्टेट सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड के कार्यालय और Veterinary Officer पद के लिए चयनित कुछ उम्मीदवारों से जुड़े ठिकानों पर भी तलाशी ली गई है।
80 लाख रुपये तक मांगने का आरोप
Veterinary Officer भर्ती प्रक्रिया में शामिल कुछ अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया है कि अंतिम चयन सूची में नाम शामिल कराने के बदले बिचौलियों की ओर से 80 लाख रुपये तक की मांग की गई थी। इन आरोपों के सामने आने के बाद पूरी भर्ती प्रक्रिया सवालों के घेरे में आ गई। अभ्यर्थियों का आरोप है कि भर्ती प्रक्रिया में एजेंटों के माध्यम से कथित तौर पर हेराफेरी की गई और योग्य उम्मीदवारों के साथ अन्याय हुआ। ED की कार्रवाई को इसी कथित भ्रष्टाचार और वित्तीय लेनदेन की जांच से जोड़कर देखा जा रहा है।
400 Veterinary Officer पदों पर होनी थी भर्ती
जानकारी के अनुसार KPSC ने कुल 400 Veterinary Officer पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की थी। इनमें 342 नियमित पद और 58 बैकलॉग पद शामिल थे। बताया जा रहा है कि KPSC के निलंबित चेयरमैन शिवशंकरप्पा एस साहूकार की ओर से हाईकोर्ट में जमानत याचिका दायर किए जाने के बाद ED की कार्रवाई तेज हुई। छापेमारी के दौरान सामने आए दस्तावेजों और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।