Jamshedpur News: छात्रों की विभिन्न समस्याओं को लेकर जमशेदपुर छात्र युवा एवं सामाजिक कार्यकर्ता के बैनर तले मंगलवार को उपायुक्त कार्यालय के सामने एक दिवसीय धरना दिया गया. धरने में छात्रों ने समय पर परीक्षा कराने और रिजल्ट जारी करने की मांग उठाई.
परीक्षा और रिजल्ट में देरी से नाराज छात्र
छात्रों का कहना है कि समय पर परीक्षा और रिजल्ट मिलना उनका अधिकार है, कोई उपकार नहीं. कोल्हान विश्वविद्यालय समेत झारखंड के कई विश्वविद्यालयों में परीक्षा और परिणाम में लगातार देरी हो रही है. इसका सीधा असर छात्रों के भविष्य पर पड़ रहा है. रिजल्ट समय पर नहीं आने के कारण कई छात्र सरकारी नौकरी, प्रतियोगी परीक्षाओं और आगे की पढ़ाई में समय पर आवेदन नहीं कर पा रहे हैं.
शैक्षणिक कैलेंडर के अनुसार परीक्षा की मांग
छात्रों ने सरकार और विश्वविद्यालय प्रशासन से तय शैक्षणिक कैलेंडर के अनुसार परीक्षाएं कराने की मांग की. साथ ही सभी लंबित रिजल्ट जल्द जारी करने की मांग रखी गई. छात्रों ने लंबित शैक्षणिक सत्र को नियमित करने के लिए ठोस योजना बनाने और उसे सार्वजनिक करने की भी मांग की.
10 अगस्त की घटना की जांच की मांग
छात्रों ने 10 अगस्त के विधानसभा मार्च के दौरान छात्र-छात्राओं, महिलाओं और युवाओं के साथ कथित हिंसा और अभद्र व्यवहार की निष्पक्ष जांच की मांग भी की. छात्रों का कहना है कि जांच में जो भी दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ उचित कार्रवाई होनी चाहिए.
छात्रों ने कहा कि उनका आंदोलन किसी राजनीतिक दल के समर्थन या विरोध में नहीं है. यह आंदोलन छात्रों की पढ़ाई, सम्मान और भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर है. छात्रों ने सरकार से उनकी मांगों पर जल्द और सकारात्मक कदम उठाने की अपील की है.