Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-08-18

Jamshedpur News: मानगो नगर निगम विवाद पर बोले विधायक सरयू राय:- मेयर को नियम-कानून की जानकारी नहीं

Jamshedpur News: जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने मानगो नगर निगम की बोर्ड बैठक में हुए विवाद पर मेयर को जवाब देने की बात कही. उन्होंने कहा कि वह बुधवार को वार्ड पार्षदों का रुख देखने के बाद मेयर के आरोपों का विधिवत जवाब देंगे.

सरयू राय ने जारी बयान में कहा कि मेयर को नगर निगम के नियम-कानून की पूरी जानकारी नहीं है. नगर निगम के प्रशासनिक अधिकार अपर नगर आयुक्त के पास होते हैं, जबकि मेयर बोर्ड बैठक की अध्यक्षता करती हैं.

बैठक की अध्यक्षता को लेकर क्या कहा?
सरयू राय ने कहा कि यदि मेयर बैठक की अध्यक्षता नहीं करती हैं तो उप महापौर बैठक चला सकते हैं. यदि उप महापौर भी मौजूद नहीं हों, तो वार्ड पार्षद अपने बीच से किसी वरिष्ठ पार्षद का चयन कर बैठक की अध्यक्षता करा सकते हैं और वही मिनट्स पर हस्ताक्षर करेंगे.

एजेंडा नहीं मिलने पर नहीं जाना चाहते थे बैठक में 
सरयू राय ने कहा कि किसी भी बोर्ड बैठक में सबसे पहले पिछली बैठक के निर्णयों की संपुष्टि कराई जाती है, लेकिन मंगलवार की बैठक में ऐसा नहीं हुआ. उन्होंने बताया कि सुबह 11 बजे तक उन्हें बैठक का एजेंडा नहीं मिला था. इस कारण उन्होंने ईमेल के जरिए अपर नगर आयुक्त को सूचित कर दिया था कि एजेंडा नहीं मिलने पर वह बैठक में शामिल नहीं होना चाहते.

अधिकारियों और पार्षदों के आग्रह पर पहुंचे
सरयू राय ने कहा कि बाद में कई अधिकारियों और वार्ड पार्षदों ने उन्हें फोन कर बैठक में आने का आग्रह किया. उनसे कहा गया कि पिछली बार उनके कारण बैठक टल गई थी और इस बार बैठक गंभीरता से कराई जाएगी. इसके बाद वह बोर्ड बैठक में पहुंचे.

पार्षदों के रुख का करेंगे इंतजार
सरयू राय ने कहा कि मेयर उनकी मौजूदगी को किस नजर से देखती हैं, यह वही बेहतर जानती हैं. उन्होंने कहा कि वह पहले यह देखेंगे कि जिन वार्ड पार्षदों को मेयर ने उनके गुट का बताया है, वे स्वयं क्या कहते हैं.

राज्य सरकार को भी लिखेंगे पत्र
सरयू राय ने कहा कि बुधवार को वह नगर निगम कार्यालय जाकर अपर नगर आयुक्त से मिलेंगे. वह उनसे पूछेंगे कि क्या उन्हें अपने दायित्व का अहसास है और क्या नगर निगम को नियम-कानून के अनुसार चलाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि इसके बाद वह अपर नगर आयुक्त और मंगलवार की बोर्ड बैठक के पूरे घटनाक्रम की जानकारी राज्य सरकार को पत्र लिखकर देंगे. साथ ही अपना विस्तृत बयान भी जारी करेंगे. अंत में सरयू राय ने मेयर के बयान को नादानीपूर्ण, दुर्भाग्यपूर्ण और नासमझी का द्योतक बताया.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !